पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने राहुल से की अपील “न दें अध्यक्ष पद से इस्तीफा”

पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने राहुल से की अपील “न दें अध्यक्ष पद से इस्तीफा”

नई दिल्ली। सोमवार को कांग्रेस शासित राज्यों के पांच मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के दौरान अपील की कि वे पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा न दें।

इस बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री नारायण सामी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद थे।

बैठक से बाद गहलोत ने कहा, ‘यह अच्छी बैठक थी, हमने करीब दो घंटे तक बात की, हमने उन तक पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की भावनाएं पहुंचाईं। हमें उम्मीद है कि हमारे विचारों पर ध्यान देंगे और सही कदम उठाएंगे।’

गहलोत ने कहा, ‘दूसरे पक्ष (भाजपा) ने देश को राष्ट्रवाद के नाम पर गुमराह किया। मोदी जी ने सेना के पीछे छिपकर राजनीति की, लोगों को धर्म के नाम पर भटकाया। वह विकास, अर्थव्यवस्था और रोजगार जैसे जरूरी मुद्दों पर पर कोई बात नहीं करते।’

गहलोत ने कहा कि चुनावों में हार और जीत होती है। परंतु आलाकमान फैसला करता है। सभी मुख्यमंत्रियों ने 25 मई को हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में इस्तीफे की पेशकश की थी। पूरे सीडब्ल्यूसी ने इस्तीफे की पेशकश की थी और राहुल गांधी को पार्टी में बदलाव के लिए अधिकृत किया था। इस मुलाकात से पहले गहलोत ने कहा था कि पहले भी हमने कहा है कि हम सभी कांग्रेस अध्यक्ष के साथ हैं और 2019 की हार की जिम्मेदार लेते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा यह मानना है कि मौजूदा हालात में सिर्फ राहुल जी ही पार्टी का नेतृत्व कर सकते है। देश और देशवासियों के कल्याण को लेकर उनकी प्रतिबद्धता सवालों से परे और बेमिसाल है।

गहलोत ने कहा कि बैठक अच्छी रही, हमने करीब दो घंटे तक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बातचीत की। हमने उन तक पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को पहुंचा दिया है।

वहीँ दूसरी तरफ कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी अभी भी अपने इस्तीफे की जिद्द पर अड़े हुए हैं और वे चाहते हैं कि उनकी जगह पार्टी नए अध्यक्ष का नाम तय करे।

TeamDigital