लोकसभा चुनाव के बाद से इसलिए गायब थे तेजस्वी यादव, बताई वजह
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में बिहार में राष्ट्रीय जनता दल की बड़ी पराजय के बाद गायब हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने इतने दिनों तक गायब रहने की वजह बताई है। तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर बताया कि वे किस बीमारी का इलाज करा रहे थे।
ट्विटर पर तेजस्वी ने कहा कि ‘दोस्तों! मैं पिछले कुछ हफ्तों से लिगामेंट और एसीएल इंजरी (घुटनों की चोट) का इलाज कराने में व्यस्त था। हालांकि मैं राजनीतिक विरोधियों और मीडिया के एक धड़े की मसालेदार कहानियों को देखकर मजा ले रहा हूं।’ उन्होंने एक के बाद एक चार ट्वीट किए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि ‘हम उन लोगों के प्रति जिम्मेदार हैं, जो हमको समाजवादी-पंथनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के विकल्प के रूप में देखते हैं। साथ ही मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम यहां हैं और लड़ाई जारी है। हालिया घटनाक्रम से मुझे अलग तरीके से चीजों का अध्ययन करने, विश्लेषण करने और मूल्यांकन करने में मदद मिली।’
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘चमकी बुखार से अचानक सैकड़ों बच्चों की मौत हो गई। इस दुखद क्षण में आरजेडी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से पीड़ित परिवारों के घर जाने को कहा गया। साथ ही उनसे कहा गया है कि वो बिना किसी फोटोबाजी के पीड़ित परिवारों के लोगों से मिलें। इसके अलावा सांसदों से इस मामले को संसद में उठाने के लिए भी कहा गया है। मेरे प्रिय बिहार! मैं यही हूं।’
उन्होंने कहा कि आरजेडी अपनी स्थापना के समय से ही गरीबों के संघर्ष का केंद्र रही है और यह स्थान हम केवल एक चुनावी हार के कारण नहीं गंवाएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले कल बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा था कि तेजस्वी जल्द सामने आएंगे।
तेजस्वी यादव लोकसभा चुनावो के परिणाम आने के बाद से अचानक मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर हो गए थे। मुजफ्फरपुर में चमकी बुखार से बच्चो की मौत के मामले में भी तेजस्वी ने न तो मुजफ्फरपुर का दौरा किया और न ही उनकी तरफ से कोई बयान आया।
