पूर्व केंद्रीय मंत्री असलम शेर खान ने राहुल गांधी से कहा “मुझे दे दें कांग्रेस की कमान”
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद जहाँ अभी कांग्रेस पराजय को लेकर मंथन करने में जुटी है वहीँ इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री असलम शेर खान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि कम से कम दो साल के लिए उन्हें पार्टी की कमान सौंपी जाए।
राहुल गांधी को लिखे पत्र में असलम शेर खान ने कहा है कि ‘अगर आप नेहरू-गांधी परिवार के बाहर से किसी को चाहते हैं, मुझे यह अवसर दीजिए, क्योंकि कोई आगे नहीं आ रहा है। मुझे दो साल के लिए मौका दीजिए। कांग्रेस का राष्ट्रवाद से फिर से जुड़ना जरूरी है।’
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को इस वक्त साहस की जरूरत है, किसी को आगे आने की जरूरत है। अगर राहुल गांधी अध्यक्ष पद पर बने रहना चाहते हैं, तो वे रह सकते हैं, लेकिन अगर वह कुछ और सोच रहे हैं, तो उसका सम्मान किया जाना चाहिए।’
असलम शेर खान ने कहा, ‘जब कांग्रेस फिर हार गई तो मैंने चिट्ठी लिखी। जब राहुल गांधी ने कहा कि वह पद से हटना चाहते हैं और कोई और, उनके परिवार से बाहर का व्यक्ति यह जिम्मेदारी संभाले, तो मुझे यह अवसर के रूप में दिखा।’
असलम शेर खान कभी मध्य प्रदेश के कद्दावर कांग्रेस नेताओं में से एक थे। वर्ष 2017 में असलम शेर खान को मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता अरुण यादव के खिलाफ बयान देने के लिए कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था।
गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ 44 सीटों पर जीत हासिल हुई थी वहीँ 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 52 सीटें मिली हैं। हालाँकि इस चुनाव में कांग्रेस को 8 सीटों का फायदा अवश्य हुआ है लेकिन कांग्रेस से जिस करिश्मे की उम्मीद की जा रही थी वह नहीं हुआ।
लोकसभा चुनाव के दौरान माना जा रहा था कि कांग्रेस इस बार बीजेपी को कड़ी टक्कर देते हुए सत्ता से बेदखल कर सकती है लेकिन जब परिणाम आये तो वे कयासों से बहुत दूर साबित हुए। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की हार की ज़िम्मेदारी लेते हुए अपने इस्तीफे की पेशकश की थी।
