पराजय के कारणों पर कल चर्चा करेगा विपक्ष, ईवीएम को लेकर तैयार होगी रणनीति
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बाद 31 मई को दिल्ली में विपक्षी दलों की एक बैठक बुलाई गयी है। इस बैठक में लोकसभा चुनाव में पराजय के कारणों पर मंथन होगा वहीँ ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराये जाने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।
संसद का सत्र 6 जून को शुरू होना है। इसलिए माना जा रहा है कि विपक्ष की इस बैठक में संसद से जुड़े कई मुद्दों पर भी रणनीति तैयार की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में विपक्ष की करीब 23 पार्टियां हिस्सा ले रही हैं।
सूत्रों ने कहा कि बैठक में बैठक में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों में कथित विसंगतियों के मुद्दे पर भी चर्चा होगी और ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराये जाने की अपनी मांग पर नए सिरे से रणनीति तैयार की जाएगी।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने कई बार चुनाव आयोग का दरवाज़ा खटखटाया था लेकिन हर बार उसे खाली हाथ वापस आना पड़ा। ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराये जाने की मांग पर चुनाव आयोग ने आम चुनावो में कम समय होने को कारण बताया था। ऐसे में अब विपक्ष एक बार फिर ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराये जाने की अपनी मांग को लेकर चुनाव आयोग के पास जा सकता है।
इतना ही नहीं कल होने जा रही विपक्षी दलों की बैठक में संसद के प्रस्तावित सत्र को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की जा सकती है। राफेल विमान डील से लेकर कई अन्य मुद्दे अभी भी जस के तस खड़े हैं और लोकसभा चुनाव आने के कारण इन मुद्दों पर आगे प्रगति नहीं हो पायी थी।
माना जा रहा है कि संसद के सत्र के शुरू से ही विपक्ष अपने तेवर कड़े रखने के लिए वे सभी मुद्दे उठा सकता है जिन पर सरकार लगातार टालमटोल करती रही है।
कल होने जा रही विपक्ष की बैठक में कांग्रेस, राजद, एनसीपी, समाजवादी पार्टी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, बसपा, आप, लोजद, एआइयूडीएफ, टीडीपी, सीपीआई, सीपीएम, टीएमसी, डीएमके, रालोद, जेएमएम, आदि दलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
