पीएम मोदी पर ममता का अब तक का सबसे बड़ा हमला: सबूत दें नहीं तो हम जेल में डाल देंगे

पीएम मोदी पर ममता का अब तक का सबसे बड़ा हमला: सबूत दें नहीं तो हम जेल में डाल देंगे

कोलकाता। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में हुई हिंसा के बाद चुनाव आयोग द्वारा की गयी कार्रवाही पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सख्त नाराज़गी जताते हुए बड़ा बयान दिया है।

बंगाल के मथुरापुर में रैली करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला। ममता बनर्जी ने कहा कि “कल रात हमें पता लगा कि भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत दी है ताकि नरेंद्र मोदी की जनसभा के बाद हम कोई जनसभा न कर सकें। चुनाव आयोग, भाजपा का भाई है। पहले ये एक निष्पक्ष संस्था थी। अब हर कोई कहता है कि चुनाव आयोग को भाजपा ने खरीद लिया है।”

ममता ने कहा कि “मैं दुखी हूं लेकिन मुझे कुछ नहीं कहना। मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं। लेकिन सच कहने से नहीं डरती। वो (पीएम मोदी) कहते हैं कि विद्यासागर की मूर्ति बनाएंगे। बंगाल के पास मूर्ति बनाने के लिए पैसा है। क्या वो 200 साल पुरानी विरासत वापस दे सकते हैं?”

पीएम मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए ममता ने कहा कि “हमारे पास सुबूत है और आप कहते हो टीएमसी ने किया। क्या आपको शर्म नहीं आती? उन्हें इतना झूठ बोलने के लिए उठक बैठक करना चाहिए। आरोपों के सुबूत दें वरना हम आपको जेल में डाल देंगे।”

गौरतलब है कि अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई हिंसा और आगजनी के अलावा ईश्वरचंद्र विद्यासागर की मूर्ति भी क्षतिग्रस्त की गई। बीजेपी और टीएमसी इस हिंसा के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। चुनाव आयोग ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राज्य प्रशासन मूर्ति को क्षति पहुंचाने वाले को पकड़ लेगा।

घटना के बाद एक्शन में आये चुनाव आयोग ने सातवें चरण के चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन से एक दिन पहले ही प्रचार समाप्त करने के आदेश जारी किये हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में पश्चिम बंगाल की 9 लोकसभा सीटों पर 19 मई को चुनाव होना है। सातवें चरण के चुनाव के लिए प्रचार का समय शुक्रवार शाम 5 बजे तक का समय था लेकिन चुनाव आयोग के आदेश के बाद अब गुरूवार रात दस बजे के बाद प्रचार का काम बंद हो जायेगा।

इसके अलावा चुनाव आयोग ने राज्य के प्रधान सचिव और गृह सचिव को हटा दिया है। पश्चिम बंगाल के एडीजी सीआईडी राजीव सिंह को गृह मंत्रालय भेजा गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर कोलकाता हिंसा से जुड़ा कोई भी वीडियो अपलोड करने पर पाबन्दी लगा दी है।

TeamDigital