बीजेपी को रोकने के लिए कांग्रेस पीएम पद का कर सकती हैं त्याग

बीजेपी को रोकने के लिए कांग्रेस पीएम पद का कर सकती हैं त्याग

नई दिल्ली। केंद्र में बीजेपी को रोकने के लिए कांग्रेस प्रधानमंत्री पद का त्याग कर सकती है। कांग्रेस नेता गुलामनबी आज़ाद ने कहा कि यदि कांग्रेस को प्रधानमंत्री पद नहीं मिलता तब भी कोई समस्या नहीं है। हमारा पहला उद्देश्य केंद्र में एनडीए को रोकना है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक आज़ाद ने कहा कि “हमने पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। यदि कांग्रेस के पक्ष में आम सहमति बनती है, तो पार्टी नेतृत्व लेगी लेकिन हमारा उद्देश्य हमेशा से यही रहा है कि एनडीए सरकार नहीं आनी चाहिए। हम सर्वसम्मत निर्णय के साथ जाएंगे।”

उन्होंने कहा, “हम ऐसा मुद्दा नहीं बनाने जा रहे हैं कि अगर प्रधानमंत्री पद हमें (कांग्रेस को) पेश नहीं किया जाता है तो हम (कांग्रेस) किसी और को प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे। “

आज़ाद के बयान के कई राजनैतिक मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि यूपीए को अपने दम पर बहुमत न मिलने की दशा में पीएम पद के लिए कांग्रेस ममता बनर्जी का नाम आगे कर सकती है।

सूत्रों की माने तो ममता बनर्जी को पीएम बनाने के लिए एनडीए में शामिल नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू भी समर्थन दे सकती है। सूत्रों की माने तो ममता बनर्जी और नीतीश कुमार के आपस में अच्छे संबंध हैं।

कांग्रेस नेता गुलामनबी आज़ाद अपने बयान में नीतीश कुमार को लेकर ऐसे संकेत दे चुके हैं। आज़ाद ने कहा था कि यदि लोकसभा में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिलता है तो नीतीश जैसे नेता केंद्र में गैर भाजपा सरकार बनवा सकते हैं।

आज़ाद ने नीतीश की तरफ इशारा करते हुए पटना में कहा कि एनडीए में कई ऐसे दल हैं, जिनकी विचारधारा भाजपा से नहीं मिलती है। सत्ता पाने या किसी मजबूरी की वजह से वे उनके साथ हैं। शायद इसमें नीतीश भी हो सकते हैं।

TeamDigital