आधे से ज़्यादा चुनाव खत्म, पीएम पद पर मोदी 15-20 दिनों के मेहमान: राहुल गांधी

आधे से ज़्यादा चुनाव खत्म, पीएम पद पर मोदी 15-20 दिनों के मेहमान: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि चुनाव आधे से ज्यादा खत्म हो चुका है और ये स्पष्ट है कि नरेंद्र मोदी चुनाव हार रहे हैं। यह हमारा आंतरिक आकलन है कि अब नरेंद्र मोदी पीएम पद पर 15-20 दिन के मेहमान रह गए हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में किसान, रोजगार और पीएम का भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दा हैं और भाजपा यह चुनाव हार रही है।

शनिवार को प्रेस कॉफ्रेंन्स कर राहुल गांधी ने कहा, ‘देश के सामने सबड़े बड़ा मुद्दा बेरोजगारी है। पीएम मोदी ने अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया है। अब देश पूछ रहा है कि दो करोड़ रोजगार का वादा किया गया था, लेकिन आज देश में 45 साल से ज्यादा बेरोजगारी है।’

उन्होंने कहा, ‘मोदी रोजगार के सवाल पर चुप रहते हैं। उनके पास कहने को कुछ नहीं है। वह यह चुनाव हार रहे हैं और इसे उनके चेहरे पर देख सकते हैं। उनका पूरा ध्यान मुद्दों से भटकाने पर रहता है। जैसे ही पीएम मोदी को लगता है कि वो चुनाव जीत नहीं रहे हैं, कुछ न कुछ करने लगते हैं, जैसे गुजरात में सी-प्लेन निकालकर लाए थे।’

सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि सेना नरेंद्र मोदी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं है। मोदी सोचते हैं सेना उनकी प्रॉपर्टी है। सेना किसी व्यक्ति नहीं, देश की होती है। यूपीए के वक्त सेना की स्ट्राइक को वीडियो गेम बताकर पीएम मोदी देश की सेना को बदनाम कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा ‘मिडिल क्लास का कोई भी युवा अगर बिजनेस करना चाहता है तो उसे तीन साल तक किसी से मंजूरी लेने की जरूरत नहीं है। 22 लाख सरकारी नौकरियां एक साल में देने का वादा हमारा है। हम दो करोड़ की बात नहीं करेंगे, लेकिन 22 लाख देकर दिखाएंगे। 10 लाख युवाओं को पंचायतों में रोजगार दे देंगे।’

राफेल पर सुप्रीम कोर्ट से माफी के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा, ‘मैंने सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी हैं क्योंकि वहां प्रोसेस चल रहा है और मैंने उस प्रोसेस के बार में कमेंट कर दिया और वो मेरी जगह नहीं है। मुझसे वो गलती हुई तो मैंने माफी मांग ली लेकिन चौकीदार चोर है, यह सच्चाई है। इसलिए न मैं नरेंद्र मोदी से और न ही भाजपा से माफी नहीं मांग रहा हूं। देश अब केवल एक ही आवाज आती है, चौकीदार चोर है।’

भाजपा के आरोपों पर राहुल गांधी ने कहा कि मसूद अजहर एक आतंकवादी है और उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन वो पाकिस्तान कैसे पहुंचा? क्या कांग्रेस ने उसे पाकिस्तान भेजा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आतंकवाद के सामने झुककर एक आतंकवादी को पाकिस्तान भेजा। कांग्रेस ने कभी ऐसा नहीं किया है और न ही ऐसा करेगी।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब विपक्षी दलों की बात आती है तो चुनाव आयोग पूरी तरह पक्षपाती दिखाई पड़ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा, मोदी और आरएसएस के काम करने का तरीका संस्थानों पर दबाव बनाना है। हर जगह वह दिख रहा है। चुनाव आयोग से भी इससे अछूता नहीं है। आयोग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि राफेल सौदे में मोदीजी ने 30 हजार करोड़ रुपये अनिल अंबानी को दे दिया। ‘चौकीदार चोर है’ नारा है और यही सच्चाई है। कांग्रेस के पास भाजपा के और कई घोटालों के सबूत मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से कहा जा रहा था कि नरेंद्र मोदी कम से कम 10-15 साल तक रहेंगे। कांग्रेस ने उन्हें ध्वस्त कर दिया है। 15-20 दिनों में मोदीजी जाने वाले हैं। अगला प्रधानमंत्री कौन बनेगा, यह देश की जनता तय करेगी।

TeamDigital