यूपी में बीजेपी को एक और झटका, मछली शहर के सांसद सपा में शामिल
लखनऊ। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को एक और बड़ा झटका लगा है। मछलीशहर से बीजेपी सांसद रामचरित्र निषाद ने पार्टी छोड़ दी है और वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।
बीजेपी सांसद रामचरित्र निषाद आज बीजेपी छोड़ने का एलान करते हुए समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवार हो गए। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में राम चरित्र निषाद समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।
2014 के लोकसभा चुनाव में राम चरित्र निषाद बीजेपी के टिकिट पर चुनाव लडे थे। उन्होंने बसपा उम्मीदवार बीपी सरोज को करीब 1 लाख 77 हज़ार वोटों से हराकर यह सीट जीती थी।
राम चरित्र निषाद को 4,38,210 (43.91%) वोट मिले थे। वहीँ दूसरे नंबर पर रहे बसपा उम्मीदवार बीपी सरोज को 2,66,055 (26.66%) तथा तीसरे नंबर पर रहे समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार तूफानी सरोज को 1,91,387(19.18%) वोट मिले थे।
इस बार सपा बसपा के बीच चुनावी गठबंधन के मद्देनज़र मछलीशहर लोकसभा सीट पर बीजेपी का अंक गणित बिगड़ सकता है। वहीँ अब बीजेपी सांसद राम चरित्र निषाद के सपा में शामिल होने से बीजेपी को इस सीट पर मुश्किल झेलनी पड़ सकती है।
