बीजेपी ने माले गाँव ब्लास्ट में आरोपी साध्वी प्रज्ञा को भोपाल से दिया टिकिट
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की चार लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान किया है। इनमे गुना, भोपाल, सागर और विदिशा लोकसभा सीट शामिल हैं।
बीजेपी ने भोपाल लोकसभा सीट पर कांग्रेस के कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ साध्वी प्रज्ञा को उम्मीदवार बनाया है। वहीँ गुना से डॉ. केपी यादव, सागर से राज बहादुर सिंह और विदिशा से रमाकांत भार्गव को टिकट दिया है।
कौन है साध्वी प्रज्ञा ठाकुर :
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर संघ व विहिप से जुड़ी रही हैं। उन्हें 2008 में माले गाँव धमाकों के कनेक्शन में गिरफ्तार किया गया था। साध्वी प्रज्ञा ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर अभिनव भारत संगठन बनाया था। मालेगांव ब्लास्ट में इस संगठन की भूमिका के आधार पर साध्वी प्रज्ञा को गिरफ्तार किया गया था।
इससे पहले साध्वी प्रज्ञा ठाकुर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सक्रिय सदस्य थीं और विश्व हिन्दू परिषद की महिला विंग दुर्गा वाहिनी सहित कई दक्षिण पंथी संगठनों से जुडी रही हैं।
इतना ही नहीं साध्वी प्रज्ञा ने 2002 में उन्होंने जय वंदे मातरम जन कल्याण समिति बनाई थी। मालेगांव ब्लास्ट मामले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को 25 अप्रैल 2017 को बैल पर रिहा कर दिया गया था।
