पहले चरण के चुनाव के लिए आज थम जाएगा प्रचार, दांव पर लगी है इन योद्धाओं की किस्मत

पहले चरण के चुनाव के लिए आज थम जाएगा प्रचार, दांव पर लगी है इन योद्धाओं की किस्मत

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार का काम आज समाप्त हो जायेगा। पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान होगा।

इनमे आंध्र प्रदेश की 25, अरुणाचल प्रदेश की 2, असम की 5, बिहार की 4, छत्तीसगढ़ की 1, जम्मू-कश्मीर की 2, महाराष्ट्र की 7, मणिपुर की1, मेघालय की 2, मिजोरम की 1, नागालैंड की 1, ओडिशा की 4, सिक्किम की 1, तेलंगाना की 17, त्रिपुरा की 1, उत्तर प्रदेश की 8, उत्तराखंड की 5, पश्चिम बंगाल की 2, अंडमान निकोबार की 1 और लक्षद्वीप 1 सीट पर मतदान होगा।

पहले चरण के चुनाव में कई केंद्रीय मंत्रियों और राजनीति के बड़े चेहरों की किस्मत दांव पर लगी है। उत्तर प्रदेश के बागपत में केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह के सामने हाई प्रोफ़ाइल जयंत चौधरी हैं, वहीँ गाज़ियाबाद में जनरल वीके सिंह त्रिकोणीय मुकाबले में फंसे हैं। वहीँ बिजनौर सीट पर बसपा से कांग्रेस में आये नसीमुद्दीन सिद्दीकी चुनाव लड़ रहे हैं।

इसके अलावा मेरठ सीट पर बसपा उम्मीदवार हाजी याकूब कुरैशी अन्य उम्मीदवारों के लिए कड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। वहीँ गौतमबुद्ध नगर सीट पर केंद्रीय मंत्री डा महेश शर्मा भी त्रिकोणीय मुकाबले में फंसे हैं।

पहले चरण के लिए हो रहे चुनाव में कई अन्य सीटों पर भी निगाहें लगी रहेंगी। पहले चरण में ही हैदराबाद, जुमई, गया और नागपुर सीट पर भी चुनाव होना है।

इसमें हैदराबाद में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, बिहार की गया सीट पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के उम्मीदवार पूर्व सीएम जीतनराम मांझी, बिहार की जमुई लोकसभा सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान और नागपुर लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी चुनाव मैदान में हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक सभी लोकसभा सीटों के लिए मतगणना 23 मई को होगी। सुप्रीमकोर्ट के आदेश के बाद अब हर लोकसभा सीट पर पांच गुनी वीवीपैट पर्चियों का ईवीएम से मिलान किया जाएगा। पहले प्रत्येक विधानसभा में एक बूथ पर वीवीपैट की पर्चियों का ईवीएम से मिलान होता था लेकिन सुप्रीमकोर्ट के आदेश के बाद अब पांच बूथों की वीवीपैट पर्चियों का मिलान किया जाएगा ।

TeamDigital