गांधी नगर में अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस ने सीजे चावड़ा को बनाया उम्मीदवार

गांधी नगर में अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस ने सीजे चावड़ा को बनाया उम्मीदवार

अहमदाबाद। कांग्रेस ने गुजरात की अहम मानी जाने वाली गांधी नगर सीट से सी जे चावड़ा को उम्मीदवार बनाया है। चावड़ा गांधीनगर उत्तर सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। इस सीट पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह चुनाव लड़ रहे हैं।

गौरतलब है कि गांधी नगर सीट पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी चुनाव लड़ते थे लेकिन इस बार उनका टिकिट काटकर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह स्वयं इस सीट पर उम्मीदवार हैं।

यह सीट अधिकांश चुनावो में बीजेपी के पास रही है। गांधीनगर लोकसभा सीट पर 1952, 1967, 1971, 1980 और 1984 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार विजयी रहे हैं। वहीँ 1989 के लोकसभा चुनाव के बाद से लगातार 9 बार बीजेपी उम्मीदवार चुनाव जीते हैं।

इस सीट पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी 06 बार चुनाव जीत चुके हैं, गांधी नगर सीट पर आडवाणी सबसे पहले 1991 में जीते थे और उसके बाद आडवाणी लगातार 1998 से 2014 तक 5 बार चुनाव जीते हैं।

राजनैतिक दृष्टि से गांधी नगर सीट को अति महत्वपूर्ण माना जाता है। इस सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला, पूर्व चुनाव आयुक्त टी एन सेशन, मल्लिका साराभाई भी चुनाव लड़ चुके हैं।

क्या कहते हैं जातिगत आंकड़े:

2014 के लोकसभा चुनाव के समय गांधीनगर लोकसभा में 1,733,972 मतदाता थे। गांधी नगर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सात विधानसभा सीटें- गांधीनगर उत्तर, घटोलडिया, साबरमती, कलोल, बेजालपुर, सानंद, नारनपुरा आती हैं।

2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सात में पांच पर जीत दर्ज की जबकि दो सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार विजयी हुए थे। गांधीनगर सीट पर पटेल और वाघेला बिरादरी का दबदबा है। इसके अलावा इस सीट पर दलित- ओबीसी गेम चेंजर की भूमिका में हैं और किसी भी चुनाव को पलटने का आंकड़ा रखते हैं।

TeamDigital