चुनाव से पहले बिहार में बीजेपी को झटका: दो बार के सांसद उदय सिंह ने थामा हाथ

चुनाव से पहले बिहार में बीजेपी को झटका: दो बार के सांसद उदय सिंह ने थामा हाथ

पटना। लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के पूर्व सांसद उदय सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उदय सिंह का आरोप है कि बिहार में बीजेपी ने नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड के समक्ष समर्पण कर दिया है।

उन्होंने कहा कि एनडीए की सहयोगी जदयू के लिए 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 40 सीटों में से 17 सीटें छोड़ दी थी जबकि उसने केवल दो सीटों पर जीत हासिल की थी। यह समझ से परे रहा।

उदय सिंह बिहार के पूर्णिया से दो बार बीजेपी के सांसद रह चुके हैं। वे पटना स्थित कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। इस मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन मोहन झा और बिहार कांग्रेस प्रदेश प्रचार कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह उपस्थित थे।

गौरतलब है कि बिहार में कांग्रेस, राजद, लोकसमता पार्टी और हम के गठजोड़ वाले महागठबंधन के लिए होली के बाद सीटों का एलान किया जाएगा। राजद नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन में किसी तरह का कोई कन्फ्यूजन नहीं है और होली के बाद सीटों का एलान किया जाएगा।

इससे पहले सीटों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में महागठबंधन के नेताओं के बीच बैठकों के कई दौर चले थे। सीटों के बंटवारे को लेकर पूर्व सीएम जीतनराम मांझी नाखुश बताये जाते थे लेकिन कल राजद नेता तेजस्वी यादव ने साफ़ किया कि महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अब कोई कन्फ्यूजन नहीं है।

TeamDigital