उत्तर प्रदेश: बीएसपी की कद्दावर नेता और पूर्व सांसद कैसर जहां ने थामा कांग्रेस का हाथ

उत्तर प्रदेश: बीएसपी की कद्दावर नेता और पूर्व सांसद कैसर जहां ने थामा कांग्रेस का हाथ

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की कद्दावर नेता और पूर्व सांसद कैसर जहां आज कांग्रेस में शामिल हो गयी हैं।

कैसर जहां 2009 में सीतापुर लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं। वे 2014 में मोदी लहर के दौरान लोकसभा चुनाव हार गयी थीं। माना जा रहा है कि कैसर जहां को कांग्रेस सीतापुर सीट से ही उम्मीदवार बना सकती है।

कैसर जहां के बसपा छोड़कर कांग्रेस में आने के पीछे बड़ा कारण पार्टी द्वारा टिकिट न दिया जाना बताया जा रहा है। मीडिया खबरों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए सपा बसपा के बीच हुए गठबंधन के बाद बसपा सुप्रीमो सीतापुर से ब्राह्मण उम्मीदवार को टिकिट देने जा रही हैं।

खबरों के मुताबिक सीतापुर से बहुजन समाज पार्टी उम्मीदवार के तौर पर नकुल दुबे को उम्मीदवार बनाया जाना तय है। नकुल दुबे बसपा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा के करीबी बताये जाते हैं।

बताया जा रहा है कि अपना टिकिट कटने की खबरों के बाद बसपा की पूर्व सांसद रहीं कैसर जहां ने पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया था और आज वे कांग्रेस में शामिल हो गयी हैं। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कैसर जहां और उनके समर्थको को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई।

कैसर जहां के साथ सैकड़ो बसपा कार्यकर्ता कार्यकर्ताओं के अलावा उनके पति लहरपुर विधानसभा सीट के पूर्व विधायक जासमीर अंसारी, रिटायर्ड आईपीएस आफताब अहमद खान, चैम्बर आफ कामर्स के वाइस चेयरमैन सुरेन्द्र कुमार और मो. फारूख खान,अफजाल हुसैन अंसारी भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं ।

 

 

TeamDigital