लाइव: अब से थोड़ी देर में अपने वतन वापस लौटेंगे विंग कमांडर अभिनंदन
नई दिल्ली। सरहद पार एयर स्ट्राइक के दौरान पकड़े गए भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन अब से थोड़ी देर में भारत वापसी करेंगे। इससे पहले कल पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई का ऐलान किया था।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने साफ किया कि विंग कमांडर अभिनंदन की आज दोपहर बाद अटारी-वाघा बॉर्डर पर रिहाई कर दी जाएगी।
विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई के मद्देनज़र सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गयी है। भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सुरक्षाबलों को तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
विंग कमांडर अभिनंदन की आज रिहाई के बाद उन्हें विमान के जरिए वाघा बॉर्डर से भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली लाया जाएगा। उन्हें दिल्ली के पालम टेक्निकल एरिया में लाया जाएगा। विंग कमांडर पहले भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और अन्य एजेंसियों से मिलेंगे. राजौरी सेक्टर में पाक एयर फोर्स के साथ संघर्ष के दौरान उनके पाक सीमा में पहुंचने को लेकर बात की जाएगी।
फ़िलहाल मिली जानकारी के मुताबिक विंग कमांडर अभिनंदन की अटारी-वाघा बॉर्डर पर रिहाई कराने की दिशा में काम पूरा हो गया है। पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त ने विंग कमांडर की सकुशल रिहाई के लिए सभी तरह की कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है और आगे की कार्रवाई के लिए पाकिस्तान विदेश ऑफिस अपना बयान जारी कर सकता है।
इससे पहले आज अबुधाबी में ओआईसी की बैठक में शिरकत करने पहुंचीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि आतंकवाद लोगों की जिंदगियां बर्बाद कर रहा है, क्षेत्र में अशांति फैलाता है। आतंकवाद तेजी से बढ़ रहा है। इससे होने वाली मौतों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। हमें उन सभी देशों को यह बात जरूर बतानी चाहिए जो आतंकवाद को पनाह और बढ़ावा देते हैं। हमने आतंकवाद का सबसे भयानक रूप देखा है।
अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर शिव दुलार सिंह ढिल्लन ने कहा कि विंग कमांडर अभिनंदन आज सीमापार कर स्वदेश लौटेंगे। उनकी वापसी का कई समय नहीं बता सकता। दिल्ली से भारतीय वायुसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी यहां पर आए हुए हैं, वह ही उन्हें लेने जाएंगे।
