लाइव: सीबीआई और पुलिस की भिड़ंत के बीच टीएमसी कार्यकर्ताओं ने फूंके पीएम मोदी के पुतले
कोलकाता। कोलकाता में पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार को गिरफ्तार करने पहुंचे सीबीआई अधिकारीयों और पश्चिम बंगाल पुलिस के बीच हुई उठापटक के बाद सीआरपीएफ मौके पर भेजी गयी है।
कोलकाता में सीबीआई कार्यालय पर सीआरपीएफ ने मोर्चा संभाल लिया है। सीबीआई के मुताबिक सीबीआई कार्यालय की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ को बुलाया गया है।
वहीँ खबर आ रही है कि सीबीआई ने इस मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की है और राज्यपाल से मिलने का समय माँगा गया है। दूसरी तरफ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मेट्रो चैनल के पास धरने का एलान करते हुए वे धरने पर बैठ गयी हैं।
सीबीआई के अंतरिम निदेशक एम नागेश्वर राव ने कहा कि हम अपने वरिष्ठ कानूनविदों के संपर्क में हैं और उनसे बातचीत जारी है। वे जैसा कहेंगे, उसके अनुसार आगे कदम उठाया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में पुलिस और सीबीआई के बीच पैदा हुए ताजा विवाद पर अब राजनैतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गयी है। आरजेडी चीफ लालू यादव, कांग्रेस नेता अहमद पटेल, शरद पवार, मायावती, चन्द्रबाबू नायडू, अरविंद केजरीवाल समेत अन्य नेताओं ने ममता बनर्जी के पक्ष में बयान देते हुए पूरे समर्थन का एलान किया है।
गौरतलब है कि सीबीआई अधिकारी कोलकाता के पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार को शारदा घोटाले में गिरफ्तार करने पहुंचे थे। इस पर पश्चिम बंगाल पुलिस के अधिकारीयों ने सीबीआई अधिकारीयों से गिरफ्तारी वारंट दिखाने की मांग की। इसके बाद शुरू हुए विवाद में सीबीआई अधिकारीयों और पुलिस के बीच हाथापाई हुई और सीबीआई अधिकारीयों को हिरासत में ले लिया गया। जिन्हे बाद में रिहा कर दिया गया।
इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के घर पहुंची। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें प्रताड़ित करने के लिए सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘मैं फेडरल स्ट्रक्चर को बचाने के लिए आज से मेट्रो चैनल के पास धरने पर बैठूंगी। कल विधानसभा की कार्रवाई होगी, जहां मैं एक मीटिंग करूंगी। इस धरने के मतलब सत्याग्रह है।’
उन्होंने कहा, ‘भाजपा बंगाल को प्रताड़ित कर रही है। वे बलपूर्वक बंगाल को नष्ट करना चाहते हैं क्योंकि मैंने ब्रिगेड रैली का आयोजन किया। कल आपने प्रधानमंत्री की भाषा देखी, जब उन्होंने धमकी दी। मैं आज भी कहती हूं कि राजीव कुमार (कोलकाता पुलिस कमिश्नर) दुनिया में बेस्ट हैं।‘
ममता ने कहा, ‘मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि फोर्स को सुरक्षा देना हमारी जिम्मेदारी है। बगैर नोटिस के आप कोलकाता पुलिस कमिश्नर के घर पर आ रहे हैं। हम सीबीआई अधिकारियों को गिरफ्तार भी कर सकते थे, लेकिन हमने नहीं किया। मैं अपनी (पुलिस) फोर्स के साथ हूं। मैं उनकी इज्जत करती हूं। मुझे बहुत बुरा लग रहा है। यह फेडरल स्ट्रक्चर को ध्वस्त करना है।‘
सीबीआई के दावे आधारहीन: पुलिस
कोलकाता पुलिस की ओर से जारी बयान में सीबीआई के दावों को ‘आधारहीन’ बताते हुए इसे खारिज किया गया है। बयान के अनुसार, ”यह सब आधारहीन खबरें हैं। कृपया ध्यान दें कि सीपी (पुलिस आयुक्त) कोलकाता न सिर्फ शहर में मौजूद हैं बल्कि 31.01.2019 को छोड़कर वह नियमित रूप से दफ्तर भी आ रहे हैं, उस दिन वह छुट्टी पर थे।

सड़को पर उतरे टीएमसी कार्यकर्त्ता, पीएम मोदी के पुतले जलाये:
इस बीच तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्त्ता सड़क पर उतर आये हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतले फूंके। खबर लिखे जाने कोलकाता में कई जगह तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमा होते हुए देखा गया है।
मामला सुप्रीमकोर्ट लेकर जाएगी सीबीआई:
इस बीच सीबीआई के अंतरिम निदेशक एम नागेश्वर राव ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में पुलिस द्वारा सहयोग न किये जाने के मामले को लेकर सीबीआई सुप्रीमकोर्ट में जायेगी।
