पश्चिम बंगाल में योगी आदित्यनाथ को रैली की अनुमति नहीं
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में कल पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अलग अलग स्थानों पर हुई रैली के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली आयोजित की जानी थी लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार ने योगी आदित्यनाथ की बांकुरा और पुरुलिया में रैली के आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
पश्चिम बंगाल में अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रही भारतीय जनता पार्टी राज्य में बीजेपी नेताओं की सौ से अधिक रैलियों के आयोजन करने जा रही है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल के दो शहरों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैलियां आयोजित की जानी थी।
इससे पहले कल पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह की रैलियों के आयोजन के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा था कि वे बंगाल जीतने की कोशिश करने की जगह अपनी सीटों की चिंता करें।
ममता ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में उनका (भाजपा का) कोई नेता नहीं है। वे लोग बाहरी लोगों को बुला रहे हैं, जिन्हें राज्य की संस्कृति और परंपरा के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वे लोग बाहरी हैं, जो चुनाव से पहले आते हैं और फिर चले जाते हैं। उनका पश्चिम बंगाल के लोगों से कोई संबंध नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्या मोदी वाराणसी से जीत पाएंगे? मोदी को अपनी खुद की सीट के बारे में सोचना चाहिए। योगी आदित्यनाथ से अपने राज्य (उत्तर प्रदेश) को देखने कहें। पश्चिम बंगाल अपना ध्यान रखने में सक्षम है। उसे किसी बाहरी की जरूरत नहीं है।’’
