विपक्ष का आरोप: विरोधियों को परेशान करने के लिए सीबीआई का इस्तेमाल कर रही मोदी सरकार
नई दिल्ली। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के रोहतक स्थित आवास पर सीबीआई की छापेमारी पर कांग्रेस सहित विपक्ष के कई नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने इशारो इशारो में सीबीआई को चेताया कि कोई भी सरकार स्थाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के आने पर उन अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी जो प्रधानमंत्री और अमित शाह के इशारे पर विपक्षी दल के नेताओं को परेशान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘हुड्डा के यहां छापेमारी बताती है कि इस सरकार की नीयत और नीति दोनों खराब है। प्रधानमंत्री और भाजपा विरोधियों को डराने की कोशिश कर रहे हैं ताकि विपक्ष भयभीत होकर बैठ जाए। जनता इसे समझ रही है।’
वहीँ सीबीआई छापेमारी को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी मोदी सरकार पर हमला बोला। ममता बनर्जी ने शुक्रवार को ट्वीट कर सीबीआई को केंद्र सरकार का एक ‘सहयोगी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को फंसाने के लिए जांच एजेंसी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
ममता ने सीबीआई को ‘हेडलेस’ बताते हए कहा कि अब ‘रीढविहीन’ भाजपा बन गई है। उललेखनीय है कि सीबीआई में कोई पूर्णकालिक निदेशक नहीं है। ममता ने कहा, ‘राजनीतिक बदला लिया जा रहा है। भाजपा और उसके सहयोगी जिसमें कई सरकारी एजेंसियां भी शामिल हैं, कोलकाता और दिल्ली तथा हर जगह विपक्ष के नेताओं को परेशान कर रही है।’
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सीबीआई के बहाने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी ने राजनीतिक विरोधियों को ठिकाने लगाने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों को पीछे लगा दिया है। केजरीवाल ने कहा, ‘यूपी में अखिलेश यादव, मायावती, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी, दिल्ली में आम आदमी पार्टी, किसी भी राजनीतिक विरोधी को मोदी-शाह की जोड़ी ने छोड़ा नहीं है।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि सीबीआई बीबीआई (भाजपा ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टीगेशन) बन गई है। उन्होंने कहा, ‘जो कोई भी भाजपा में शामिल होता है, उसे क्लीन-चिट मिल जाती है और वह राजा हरिश्चंद्र बन जाता है। जो आलोचना करता है, उसका एजेंसियों के द्वारा पीछा किया जाता है।’
