तीन तलाक बिल नही हुआ पेश, राज्यसभा दिनभर के लिए स्थगित

तीन तलाक बिल नही हुआ पेश, राज्यसभा दिनभर के लिए स्थगित

नई दिल्ली। लोकसभा में पारित हो चुके तीन तलाक बिल को आज राज्य सभा में पेश किया जाना था लेकिन आज यह राज्यसभा में पेश नहीं हो सका और राज्य सभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित करदी गयी है।

संसद के शीतकालीन सत्र के 12वे दिन आज सरकार ने तीन तलाक बिल राज्यसभा में पेश करने का एलान किया था। इसके लिए बीजेपी और कांग्रेस के अलावा विपक्ष के अन्य दलों ने भी अपने सदस्यों के लिए व्हिप ज़ारी किया था।

इससे पहले आज तीन तलाक बिल पेश होने से पहले ही राज्यसभा में सत्ता और विपक्ष में हंगामा शुरू हो गया। विपक्ष बिल को सेलेक्ट कमेटी के पास भेजने की मांग कर रहा है वहीँ सत्तापक्ष मानने को तैयार नहीं है। बढ़ते हंगामे को देखकर डिप्टी स्पीकर हरिवंश ने सदन को दोबारा स्थगित कर दिया।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने तीन तलाक पर कहा, ‘यह इतना महत्वपूर्ण बिल है जो सकारात्मक और नकारात्मक तौर पर करोड़ों लोगों की जिंदगी को प्रभावित करेगी। इसे सिलेक्ट कमेटी के पास भेजे बिना पास नहीं किया जा सकता।’

उन्होंने कहा कि विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा किए बगैर इस बिल पर चर्चा मुमकिन नहीं है। आजाद ने कहा कि यह बिल काफी अहम है और कई लोगों की जिंदगी से जुड़ा है। इसे बगैर किसी कमेटी में भेजे पारित करना ठीक नहीं है, सरकार बिल को पारित कराना चाहती है, सिर्फ इसके लिए इसे नहीं पारित किया जाना चाहिए।

कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा ने कहा कि तीन तलाक बिल पर राजनीति सरकार कर रही है और राज्यसभा को रबर स्टंप नहीं है। शर्मा ने कहा कि हम बिल को पारित कराना चाहते हैं लेकिन बिल को पहले सेलेक्ट कमेटी के पास भेजा जाए, क्योंकि बिना जांचे-परखे इस बिल पर मुहर नहीं लगाई जा सकती है।

राज्यसभा में तृणमूण कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा, ‘सभी विपक्षी पार्टियों ने सर्वसम्मति से इस बात का फैसला लिया है कि बिल को सिलेक्ट कमेटी के पास भेजा जाए।’

TeamDigital