पवार बोले ‘महागठबंधन की उम्मीदें समाप्त लेकिन कांग्रेस, एनसीपी मिलकर लड़ेंगे चुनाव’

पवार बोले ‘महागठबंधन की उम्मीदें समाप्त लेकिन कांग्रेस, एनसीपी मिलकर लड़ेंगे चुनाव’

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि क्षेत्रीय दलों द्वारा ज़्यादा सीटों की मांग किये जाने के कारण अब महागठबंधन बनने की उम्मीद समाप्त हो चुकी है इसके बावजूद 2019 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक को सम्बोधित करते हुए शरद पवार ने कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों में कोई मतभेद नहीं है, यदि होगा तो इस पर आलाकमान स्तर पर बात की जाएगी।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस और राकांपा संयुक्त रूप से लोकसभा चुनाव में उतरेंगे और कुछ अन्य सहयोगी राजनीतिक संगठनों का साथ भी लेंगे। सीट बंटवारे को लेकर कोई भ्रम नहीं है, अगर होता है तो दोनों पार्टियों के प्रमुख इसे हल कर लेंगे।’’ पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी धान किसानों को प्रति क्विंटल 2,500 रुपये देने का वादा किया।

उन्होंने ट्वीट की श्रृंखला में कहा, “कृषि उपज समर्थन मूल्य को अंतिम रूप देने से पहले पड़ोसी राज्यों की दरों पर परामर्श किया जाता है। लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने इसका पालन नहीं किया और अब पड़ोसी राज्य 700 रुपये प्रति क्विंटल अधिक दे रहे हैं।”

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस एनसीपी गठबंधन के लिए दो दौर की बातचीत हो चुकी है। अब तक 40 सीटों पर बातचीत फाइनल हो चुकी है। अब महज आठ सीटों पर बातचीत होना बाकी है।

कांग्रेस एनसीपी के बीच महाराष्ट्र की जिन आठ लोकसभा सीट पर सहमति नहीं बन सकी है उनमें पुणे, अहमदनगर, औरंगाबाद, जालना, रावेर, जलगांव, यवतमाल और शिरडी शामिल है।

वहीँ सूत्रों की माने तो एनसीपी पुणे सीट से चुनाव लड़ना चाहती है. पार्टी कार्यकर्ता यह मांग कर रहे हैं कि पार्टी प्रमुख शरद पवार को चुनाव मैदान में इसी सीट से उतरना चाहिए लेकिन परंपरागत रूप से यह सीट कांग्रेस की रही है। पिछले चुनाव में बीजेपी ने यहां से जीत हासिल की थी।

TeamDigital