सोनिया गांधी का मोदी सरकार पर निशाना: आज नेहरू के योगदान को मिटाने की हो रही कोशिश
नई दिल्ली। यूपीए चेयरपर्सन सोनिआ गांधी ने मोदी सरकार का नाम लिए बिना इशारो में बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस नेता शशि थरूर की पुस्तक “नेहरू: द इन्वेंशन ऑफ इंडिया’ पुनर्विमोचन के अवसर पर सोनिया गांधी ने कहा कि आज इस देश के लिए नेहरू के योगदान को कमतर करने की कोशिश हो रही है।
मोदी सरकार का नाम लिए बिना सोनिया गांधी ने कहा कि नेहरू ने जिन लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाया, आज उनको चुनौती दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नेहरू ने देश की सभी लोकतांत्रिक संस्थाओ के प्रति सम्मान और उनको मजबूत बनाने की संस्कृति पैदा की जिससे लोकतंत्र मजबूत हुआ।
सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने नेहरू के आर्थिक मॉडल और गुटनिरपेक्षता केंद्रित विदेश नीति को भी याद किया और कहा कि उन्होंने जिन लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाया था आज उससे जुड़ी विरासत को कमतर करने की कोशिश हो रही है।
सोनिया ने कहा कि नेहरू सभी धर्मों को लोगों का देश वाली बात में विश्वास रखते थे इसी वजह से उन्होंने अपनी नीतियों और योजनाओं में सभी समुदायों को संरक्षण देने पर काम किया।
उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के बाद नेहरू ने कभी नहीं सोचा था कि भारत सिर्फ हिन्दुओं को देश हो। उन्होंने कहा कि भारतीय मुसलमानों के पाकिस्तान जाने के बाद नेहरू ने हिन्दु राष्ट्र बनाने के बारे में कभी नहीं सोचा।
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि लोगों को आजादी के समय के भारत की स्थिति के बारे में जानना चाहिए, उसके बाद उन्हें पता चलेगा कि नेहरू ने भारत को किस तरह से विकास के पथ पर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि नेहरू ने हमेशा इस विचार को आगे रखा कि देश किसी व्यक्ति से महत्वपूर्ण है और संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए।
