कर्नाटक: लोकसभा की 3 और विधानसभा की 2 सीटों पर मतदान जारी
बेंगलुरु। कर्नाटक में आज लोकसभा की तीन सीटों और विधानसभा की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान का काम शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।
शिवमोगा, मांड्या और रामनगर लोकसभा सीटों और बेल्लारी तथा जमखंडी विधानसभा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा।
शिमोगा सीट पर पूर्व सीएम और बीजेपी नेता बी एस येदियुरप्पा की साख दांव पर लगी है, ये सीट उनके इस्तीफे के बाद खाली हुई है। इस सीट से उनके बेटे बी एस राघवेंद्र चुनाव लड़ रहे हैं जिनका मुकाबला जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा के बेटे मधु बंगारप्पा से हो रहा है।
लोकसभा उपचुनाव की ख़ास बात यह है कि तीनो लोकसभा सीटों पर तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटे चुनाव लड़ रहे हैं। वहीँ इन उपचुनाव को कांग्रेस जेडीएस गठबंधन की परीक्षा बताया जा रहा है।
वोटिंग के लिए करीब 6,450 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन सीटों के लिए कुल 54,54,275 मतदाता पंजीकृत हैं। पांच सीटों के लिए कुल 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन और भाजपा के बीच है। वोटों की गिनती मंगलवार को होगी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि कुल 1,502 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि उपचुनावों के लिए 35,000 से ज्यादा मतदान अधिकारियों को तैनात किया गया है।
इस चुनाव में 8,922 वीवीपीएटी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पांचों सीटों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
