सीबीआई तक पहुंचा राफेल, प्रशांत भूषण, अरुण शौरी ने दी शिकायत
नई दिल्ली। राफेल विमान डील का मामला अब सीबीआई के दरवाज़े तक पहुँच गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी और वरिष्ठ अधिवक्ता ने राफेल डील में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सीबीआई का दरवाज़ा खटखटाया है।
राफेल डील में कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर अधिवक्ता प्रशांत भूषण और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी ने सीबीआई निदेशक से मुलाकात की तथा इस मामले में एक लिखित शिकायत दी। शिकायत पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केन्द्रीय वित्तमंत्री रहे और पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा का नाम भी है। उन्होंने सीबीआई को तथ्य और दस्तावेज पेश किए हैं जिसमें राफेल डील में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है।
मुलाकात के बाद प्रशांत भूषण और अरुण शौरी ने कहा कि राफेल डील में हुए भ्रष्टाचार को लेकर सीबीआई निदेशक से मिले हैं और इस मामले में एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। साथ ही भ्रष्टाचार से संबंधित दस्तावेज दिए हैं। अगर सीबीआई ने केस दर्ज नहीं किया तो सुप्रीम कोर्ट में पीआईएल लगाई जाएगी।
राफेल मामले के सीबीआई तक पहुँचने से अब सरकार के लिए एक नई सिरदर्दी पैदा हो सकती है। राफेल डील में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जहाँ कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दल सरकार को घेर रहे हैं वहीँ अब पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी भी अब खुलकर सामने आ गए हैं।
इतना ही नहीं बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी राफेल डील को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्विटर के माध्यम से राफेल डील मामला उठाते हुए पीएम मोदी से सच्चाई देश के सामने रखने की मांग की।
राफेल मामले में सरकार को घेरने वालो में बीजेपी की सहयोगी पार्टी शिवसेना भी शामिल हैं। शिवसेना ने हाल ही में राफेल को बड़ा घोटाला बताते हुए इस मामले को बोफोर्स का बाप बताया था।
विपक्ष राफेल मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग कर रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी हर सभा में राफेल का मुद्दा उठा रहे हैं। राफेल मामले में अब सरकार पर विपक्ष का दबाव बढ़ता जा रहा है।
