सरकार ने साधी चुप्पी: अब पेट्रोल, डीजल के बाद रसोई गैस भी महँगी
नई दिल्ली। मध्यम और कमज़ोर जीविका वाले लोगों के लिए एक और बुरी खबर है। अब पेट्रोल डीजल के बाद रसोई गैस के लिए उन्हें पहले से ज़्यादा दाम चुकाने होंगे।
सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 2.89 रुपये बढ़कर 502.4 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। दिल्ली में बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर अक्तूबर में 59 रुपये महंगा हो गया है।
इंडियन ऑयल ने एक बयान में कहा कि सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोत्तरी प्रमुख तौर पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने और विदेशी मुद्रा विनिमय दर में उतार-चढ़ाव के चलते की गई है।
कंपनी ने बताया कि सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत पर वास्तिवक प्रभाव मात्र 2.89 रुपये प्रति सिलेंडर पड़ेगा। इसकी प्रमुख वजह उस पर जीएसटी का लगना है। अक्टूबर में ग्राहकों के खाते में 376.60 रुपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी जमा की जाएगी जो सितंबर 2018 में 320.49 रुपये थी।
गौरतलब है कि देश में पेट्रोल डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। जिसका सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। तेल की कीमतों पर पहले कम से कम सरकार की तरफ से सफाई पेश की जाती थी लेकिन फ़िलहाल सरकार की तरफ से भी बयान आना बंद हो गए हैं।
तेल की कीमतें कहाँ जाकर रुकेंगी ये आने वाला समय बताएगा। लेकिन फिलहाल पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी के बाद रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी होने से आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ना तय है।
