लोकपाल पर मोदी सरकार ने टालमटोल कर पूरा समय निकाल दिया : अन्ना हज़ारे

लोकपाल पर मोदी सरकार ने टालमटोल कर पूरा समय निकाल दिया : अन्ना हज़ारे

नई दिल्ली। लोकपाल की न्युक्ति को लेकर मोदी सरकार की टालमटोल से नाराज़ हुए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा है कि बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार लोकपाल आंदोलन के कारण केन्द्र की सत्ता में आई थी और वह लोकपाल की नियुक्ति को लेकर चार सालो से टालमटोल कर रही है।

अन्ना हज़ारे ने कहा कि वे दो अक्टूबर से भूख हड़ताल शुरू करने के अपने फैसले पर अटल हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गुरुवार पत्र लिखकर आरोप लगाया कि पिछले चार साल में सरकार टाल-मटोल का रवैया अपनाती रही और लोकपाल या लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं की।

अन्ना हजारे ने लिखा, ‘लोकपाल और लोकायुक्त की नियुक्ति के लिए 16 अगस्त, 2011 को समूचा देश सड़कों पर उतर आया था। आपकी सरकार इसी आंदोलन की वजह से सत्ता में आई।’ उन्होंने कहा, ‘चार साल बीत गए लेकिन सरकार किसी न किसी कारण से लोकपाल और लोकायुक्त की नियुक्ति टालती रही।’

हजारे ने इससे पहले घोषणा की थी कि वह गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर से रालेगण सिद्धि में भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने शुक्रवार को न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा कि किसानों को उनके उत्पादन का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जिसके चलते किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

गौरतलब है कि अन्ना हज़ारे लोकपाल की न्युक्ति के लिए मोदी सरकार को लगातार आगाह करते रहे हैं। उन्होंने मोदी सरकार को कई पत्र भी लिखे। इतना ही नहीं वे दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन भी कर चुके हैं।

TeamDigital