राहुल गांधी ने रक्षा मंत्री को कहा राफेल मंत्री, माँगा इस्तीफा
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर राफेल विमान डील में अनियमितताओं का हवाला देते हुए मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। राहुल गांधी ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है।
ट्विट्टर पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि रक्षा मंत्री बार बार झूठ बोल रही हैं। गुरूवार को राहुल गांधी ने राफेल विमान सौदे का ठेका सरकारी उपक्रम हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को नहीं दिए जाने के संदर्भ में एचएएल के पूर्व प्रमुख टीएस राजू के बयान से जुड़ी खबर ट्विटर पर पोस्ट की।
अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने कहा, ‘ भ्रष्टाचार बचाव करने का काम संभाल रही आरएम (राफेल मिनिस्टर) का झूठ एक बार फिर पकड़ा गया है। एचएएल के पूर्व प्रमुख टीएस राजू ने उनके इस झूठ की कलई खोल दी है कि एचएएल के पास राफेल के विनिर्माण की क्षमता नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘उनका (सीतारमण) रुख अस्थिर है। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।’
गौरतलब है कि मंगलवार को निर्मला सीतारमण ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि एचएएल के साथ डील क्यों नहीं हो सकी, इसका जवाब यूपीए को देना चाहिए।
उन्होंने केवल 36 विमानों की ही डील क्यों की गई, इसके जवाब में कहा कि स्क्वॉर्डन्स की आदर्श क्षमता 42 विमानों की है। यूपीए के शासनकाल में ही यह क्षमता कम होने लगी थी और 2013 तक यह घटकर 33 पर आ गई थी।
