सुप्रीमकोर्ट में राफेल डील पर सुनवाई टली, अब 10 अक्टूबर को होगी सुनवाई
नई दिल्ली। राफेल लड़ाकू विमान सौदे के खिलाफ सुप्रीमकोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई आज टाल दी गयी है। अब इस याचिका पर सुनवाई 10 अक्टूबर को होगी। बताया गया कि यचिकाकर्ता की तबियत ख़राब होने के चलते सुनवाई की तारीख आगे बढाई गयी है।
याचिकाकर्ता ने कोर्ट से खराब तबीयत का हवाला देकर इस मामले की सुनवाई टालने की अपील की थी। उसने कोर्ट से कहा है कि वह इस संबंध में और दस्तावेज उपलब्ध कराएगा। इसके बाद मामले की सुनवाई 10 अक्टूबर तक के लिए टाल दी गई।
याचिकाकर्ता ने राफेल डील मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पक्षकार बनाया है। इस याचिका पर मनोनीत चीफ जस्टिस रंजन गोगोई सुनवाई कर रहे हैं।
याचिकाकर्ता ने याचिका में आरोप लगाया गया कि दो देशों के बीच हुए इस करार में भ्रष्टाचार हुआ है। पहली बात तो ये करार संविधान के अनुच्छेद 253 के मुताबिक नहीं हुआ है। ये अनुच्छेद संसद के जरिये ऐसे सौदों की मंजूरी की पूरी प्रक्रिया बताता है, लेकिन एनडीए सरकार ने संसद के माध्यम से ये सौदेबाजी का करार नहीं किया है।
यह सब कुछ संसद के संज्ञान में लाए बिना ही किया गया है। लिहाजा भ्रष्टाचार के इल्जाम में इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर स्वतंत्र एजेंसी से सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में जांच कराई जाए. भ्रष्टाचार साबित होने पर ये रकम इन पक्षकारों से वसूली जाए।
गौरतलब है कि राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर कांग्रेस सहित विपक्ष सरकार के खिलाफ सडक से संसद तक मुद्दा उठा रहा है। सरकार की तरफ से राफेल डील को लेकर अलग अलग बयान आने के बाद यह मामला और संदिग्ध हो गया।
