नफरत, कट्टरता और विभाजन करने वालो के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे : सोनिया गांधी

नफरत, कट्टरता और विभाजन करने वालो के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे : सोनिया गांधी

नई दिल्ली। यूपीए की चेयरपर्सन और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने आज एलान किया कि देश में नफरत पैदा करने वालो, कट्टरता फ़ैलाने वालो और समाज का विभाजन करने वालो के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ी जाएगी।

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर राजीव गांधी फाउंडेशन के एक कार्यक्रम में अपने संबोधन में सोनिया गांधी ने कहा कि देश में भाईचारे को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस कार्यक्रम में समाजसेवी गोपाल कृष्ण गांधी को इस साल का राजीव गांधी राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बता दें कि राजीव गांधी फाउंडेशन की ओर से हर साल 20 अगस्त को दिए जाने वाले इस पुरस्कार के तहत प्रशस्ति पत्र और 10 लाख रुपये की राशि दी जाती है।

सोनिया गांधी ने गोपाल कृष्ण गांधी के अनुभव और कार्यों की तारीफ कर भविष्य में इस लड़ाई को और मजबूती से लड़ने पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि एक सरकारी अधिकारी, कुशल प्रशासक और राज्यपाल के तौर पर गोपाल कृष्ण ने कभी समझौता नहीं किया। वह हमारे संविधान में स्थापित मूल्यों के चैंपियनों में से एक हैं।

सोनिया गांधी ने कहा कि हाल के वर्षों में उन्होंने जो कुछ लिखा है, उसमें बहुत दर्द और पीड़ा है। हर सही सोच और चीजों का विश्लेषण तथा गहराई से संवेदनशील अभिव्यक्ति भी करते हैं।

इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले कुछ समय में देश में असहिष्णुता, सांप्रदायिक ध्रुवीकरण और भीड़ द्वारा हिंसा की की घटनाएँ बढ़ी हैं तथा इस तरह के चलन को रोकने के लिए सभी को एकजुट होना होगा क्योंकि इस तरह की घटनाओं से सिर्फ राष्ट्रीय हित को नुकसान पहुंचता है।

इस कार्यक्रम में राजीव गांधी फाउंडेशन के सलाहकार समिति के चेयरमैन डा. कर्ण सिंह के अलावा कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकें।

TeamDigital