पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की हालत को लेकर संशय, तैयारियां कुछ और बता रही हैं
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमन्त्री अटल बिहारी वाजपेयी की हालत अब कैसी है ? इसे लेकर संशय बना हुआ है। एक तरफ दावा किया जा रहा है कि वाजपेयी की हालत चिंताजनक है ।
वहीँ दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय से स्वतंत्रता दिवस की सजावट उतार दी गयी है। इतना ही नही बीजेपी मुख्यालय पर निगम बोध श्मशान घाट की गाड़ी मंगवाई गयी है। पूर्व प्रधानमन्त्री अटल बिहारी वाजपेयी के आवास के समक्ष भी कुछ अजीबो गरीब तैयारियां चल रही हैं। दिल्ली के आईटीओ के पास के रास्ते खाली कराये जा रहे हैं।
इस बीच बीजेपी और अन्य राजनैतिक दलों के नेताओं का एम्स में पहुंचना जारी है। स्वयं प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी और उनकी केबिनेट के कई मंत्री एम्स पहुँच चुके हैं।
इससे पहले आज अटल बिहारी वाजपेयी की हालत जानने के लिए विपक्ष की तरफ से भी पूर्व पीएम डा मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई नेता एम्स पहुंचे थे।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय मंत्रियों सुषमा स्वराज, स्मृति ईरानी और राजनाथ सिंह के एम्स पहुंचने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के 93 वर्षीय नेता के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें तेज हो गयी हैं।

बीजेपी की आज होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अलावा राजस्थान और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों की सरकारों ने अपने अनेक कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं।
एम्स की ओर से आज जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री की हालत वैसी ही बनी हुई है। उनकी हालत नाजुक है और वह जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं।’’

आज एम्स पहुंचने वालों में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान, राधा मोहन सिंह और जगत प्रकाश नड्डा भी शामिल हैं। इनके अलावा नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल भी एम्स पहुंचे।
