राज्य सभा उपसभापति चुनाव: विपक्ष ने उम्मीदवार तय करने के लिए कांग्रेस को किया अधिकृत
नयी दिल्ली। राज्यसभा के उपसभापति के लिए जहाँ सत्तारूढ़ एनडीए ने अपने उम्मीदवार का एलान कर दिया है वहीँ अब विपक्षी दलों ने उम्मीदवार के चयन के लिए कांग्रेस को अधिकृत किया है।
मंगलवार को तीसरे दौर की बैठक के बाद विपक्षी दलों ने उपसभापति पद के लिए प्रत्याशी चुनने के लिए कांग्रेस को निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया। इससे पहले कांग्रेस ने सभी दलों से इस पर चर्चा की थी।
वहीँ सूत्रों की माने तो शरद पवार की राकांपा की वंदना चव्हाण के नाम पर कांग्रेस ने अपनी सहमति दे दी थी, लेकिन राकांपा अपना उम्मीदवार उतारने की इच्छुक नहीं है इसलिए फिलहाल अन्य नामो पर भी विचार किया जा रहा है।
सूत्रों की माने तो राकांपा की वंदना चव्हाण के नाम का प्रस्ताव बसपा नेता सतीश मिश्र ने किया था और तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने इसका समर्थन किया था। इस प्रस्ताव को कांग्रेस सहित प्रत्येक विपक्षी दल का समर्थन मिला।
राज्यसभा में 50 सीट रखने वाली सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस ने शुरू में महसूस किया था कि इसके उम्मीदवार को तेदेपा जैसे कुछ दलों की ओर से कड़े विरोध का सामना करना पड़ सकता है. तेदेपा ने इस मुद्दे पर विपक्षी खेमे के साथ जाने का फैसला किया है.
वहीँ विपक्ष के लिए अच्छी खबर यह है कि टीडीपी भी कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार चुने जाने पर सहमत हो गयी है। वहीँ कांग्रेस चाहती है कि एनसीपी के किसी सांसद को उम्मीदवार बनाया जाए जिससे एनडीए की घटक शिवसेना का भी समर्थन मिल सके।
बता दें कि राज्य सभा के उपसभापति पद के लिए हो रहे चुनाव में एनडीए ने जनता दल यूनाइटेड के राज्य सभा सांसद हरिवंश नारायण सिंह को मैदान में उतारा है।
