राहुल गांधी का पलटवार: कहा ‘मैं शोषित, वंचित, सताए हुए और हाशिए वाले लोगों के साथ हूं’

राहुल गांधी का पलटवार: कहा ‘मैं शोषित, वंचित, सताए हुए और हाशिए वाले लोगों के साथ हूं’

नई दिल्ली। कांग्रेस को मुस्लिम पार्टी बताने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सीधा पलटवार किया। राहुल गांधी ने आज इसी मामले पर ट्वीट कर कहा कि मैं हर दबे-कुचले लोगों के साथ हूं।

उन्होंने कहा कि “मैं पंक्ति में खड़े आखिरी शख्स के साथ खड़ा हूं। शोषित, वंचित, सताए हुए और हाशिए वाले लोगों के साथ हूं। उनका धर्म, जाति और मान्यताएं मेरे लिए कोई मायने नहीं रखते हैं। मैं दर्द मे डूबे हुए लोगों को ढूंढकर उन्हें गले लगाता हूं। मैं नफरत और डर को मिटाना चाहता हूं। मैं सभी जीवित प्राणियों से प्यार करता हूं। मैं कांग्रेस हूं।”

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा मुस्लिम बुद्धजीवियों के साथ एक बैठक को लेकर एक समाचार पत्र में छपे भ्रामक समाचार में दावा किया गया था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बैठक के दौरान कहा कि कांग्रेस मुस्लिमो की पार्टी है।

इस भ्रामक खबर के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस को मुस्लिमो का हितेषी साबित करने की कोशिश की। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाचार पत्र में छपी खबर का हवाला देते हुए कांग्रेस को मुस्लिम पार्टी करार दिया और कांग्रेस अध्यक्ष का उपहास बनाया।

हालाँकि बुद्धजीवियों की बैठक में शामिल हुए इतिहासकार इरफ़ान हबीब ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी ने बैठक में ऐसा कोई ज़िक्र ही नहीं किया। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र में छपी खबर सच्चाई से परे है। इसके बावजूद बीजेपी ने कांग्रेस को मुस्लिम पार्टी बताते हुए अपने हमले जारी रखे।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा आज किया गया ट्वीट इसी का स्पष्टीकरण है। उनके ट्वीट में साफ़ कहा गया है कि उनके लिए धर्म और जाति मायने नहीं रखती बल्कि कांग्रेस हर दबे-कुचले लोगों के साथ है।

TeamDigital