बीजेपी ने जम्मू कश्मीर सरकार से हाथ खींचा, महबूबा मुफ़्ती का इस्तीफा
नई दिल्ली: ताजा राजनैतिक घटना क्रम में कश्मीर में बीजेपी- पीडीपी सरकार का अंत हो गया है। बीजेपी ने महबूबा मुफ़्ती सरकार से अपना समर्थन खींच लिया है। इसके फलस्वरूप अल्पमत में आई महबूबा मुफ़्ती सरकार की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
इससे पहले आज बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने आज ही दिल्ली में राज्य के सभी बड़े पार्टी नेताओं के साथ बैठक की, जिसके बाद बीजेपी ने समर्थन वापस लेने का फैसला किया गया।
बीजेपी द्वारा समर्थन वापसी के एलान के साथ ही जम्मू कश्मीर में बीजेपी कोटे के सभी मंत्रियों ने अपना इस्तीफा सौंप दिया। महबूबा मुफ्ती ने बीजेपी के ऐलान के बाद राज्यपाल एनएन वोहरा को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
बीजेपी ने समर्थन वापसी की चिट्ठी राज्यपाल को सौंप दी है. बीजेपी की ओर से राज्यपाल शासन की मांग की गई है। आपको बता दें कि बीजेपी नेताओं से मिलने से पहले अमित शाह ने NSA अजित डोभाल से भी मुलाकात की थी।
फैसले के बाद बीजेपी नेता राम माधव ने कहा कि हमने गृह मंत्रालय, जम्मू-कश्मीर के तीन साल के कामकाज, सभी एजेंसियों से राय लेकर ये फैसला किया है। जिसके बाद ये तय हुआ है कि बीजेपी अपना समर्थन वापस ले रही है।
राम माधव ने कहा कि तीन साल पहले जो जनादेश आया था, तब ऐसी परिस्थितियां थी जिसके कारण ये गठबंधन हुआ था लेकिन जो परिस्थितियां बनती जा रही थीं उससे गठबंधन में आगे चलना मुश्किल हो गया था।
