अमित शाह की कोशिशों पर शिवसेना का पानी, शिवसेना ने कहा ‘बीजेपी के बिना लड़ेंगे चुनाव’

अमित शाह की कोशिशों पर शिवसेना का पानी, शिवसेना ने कहा ‘बीजेपी के बिना लड़ेंगे चुनाव’

मुंबई। शिवसेना को मनाने की कोशिशों के तहत कल मुंबई पहुंचे बीजेपी अध्यक्ष की कोशिशों पर आज शिवसेना ने पानी फेर दिया। कल बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की मुलाकात के बाद आज शिवसेना ने संजय राउत ने एलान किया कि शिवसेना बीजेपी के बिना चुनाव लड़ेगी।

इससे पहले कल शाह और उद्धव ठाकरे के बीच करीब दो घंटे तक बैठक चली। जानकारी के मुताबिक उद्धव ठाकरे की मांग पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को बैठक कक्ष से बाहर रखा गया था। उन्हें बैठक में शामिल नहीं किया गया था।

बैठक के बाद बीजेपी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी। इसलिए कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों नेताओं के बीच बैठक बिना नतीजे के खत्म हो गयी। वहीँ बैठक के एक दिन बाद आज शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि 2019 के आम चुनाव शिवसेना अकेले दम पर लड़ेगी।

संजय राउत ने गुरुवार को कहा- हम लोग अमित शाह जी का एजेंडा जानते हैं लेकिन शिवसेना ने पहले ही प्रस्ताव पास कर लिया है। जिसमें ये तय हो गया है कि शिवसेना 2019 का लोकसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी। हमारे प्रस्ताव में कोई बदलाव नहीं होगा।

वहीँ सूत्रों की माने तो बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के साथ कल हुई बैठक के दौरान उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को हटाने की मांग रखी थी। जिस पर अमित शाह ने तत्काल कोई जबाव नहीं दिया था। सूत्रों की माने तो उद्धव ठाकरे ने स्पष्ट तौर पर अमित शाह से कहा था कि महाराष्ट्र में सीएम बदले जाने से पहले कोई फैसला लेना मुमकिन नहीं है।

फिलहाल शिवसेना ने एक बार फिर साफ़ कर दिया है कि वह 2019 के आम चुनाव बीजेपी के बिना अकेले लड़ेगी। जानकारों की माने तो शिवसेना खुद को जल्द ही एनडीए से अलग करने का एलान भी कर सकती है।

TeamDigital