शिवसेना का बड़ा हमला: पीएम मोदी, अमित शाह दोनों को नहीं चाहता देश
मुंबई। शिवसेना ने एक बार फिर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। पार्टी के सांसद संजय राउत ने कहा कि देश अब पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह दोनों को नहीं चाहता। जबकि कांग्रेस या जेडीएस नेता एचडी देवगौड़ा को स्वीकार कर सकता है।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार संजय राउत ने कहा कि शिवसेना भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी राजनैतिक दुश्मन है। राउत ने शिवसेना के मुखपत्र सामना में प्रकाशित ‘ रोख ठोक’ स्तंभ में कहा, ‘‘ शिवसेना भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक शत्रु है। शिवसेना का प्रखर हिन्दुत्ववाद भाजपा के लिए अड़चन पैदा कर सकता है।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा ने पालघर में चिंतामण वनगा के बेटे (शिवसेना के उम्मीदवार) को हराकर उन्हें श्रद्धांजिल दी। इस सीट पर चिंतामण वनगा के निधन के चलते उपचुनाव आवश्यक हो गया था। राउत ने आरोप लगाया कि क्योंकि शिवसेना भाजपा की मुख्य राजनीतिक विरोधी है, इसलिए भाजपा की योजना उद्धव ठाकरे की पार्टी के साथ सत्ता में रहते हुए उसे कमजोर करने की है।
उन्होंने कहा, ‘‘ इस तरह भाजपा की योजना शिवसेना के साथ सत्ता में रहने और धन-बल का इस्तेमाल कर उसे कमजोर करने की है। भाजपा ने पालघर उपचुनाव में शिवसेना की हार सुनिश्चित करने के लिए अपने संसाधनों का इस्तेमाल किया।’’
राउत ने दावा किया कि पालघर में ईवीएम में ‘‘गड़बड़ी ’’ की वजह से भाजपा की जीत हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा पालघर लोकसभा उपचुनाव जीतने में सफल रही, लेकिन कई अन्य लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव हार गई। इससे दिखता है कि देश में कई जगह बदली हुई हवा चल रही है।
शिवसेना नेता ने कहा, ‘‘ उपचुनाव परिणाम भाजपा के पतन की शुरुआत हैं। ’’उन्होंने कहा , ‘‘ देश की ऐसी मन:स्थिति है कि वह कांग्रेस या देवगौड़ा को स्वीकार कर सकता है, लेकिन मोदी और शाह को नहीं।’’
