तोगड़िया बोले ‘झूठे निकले पीएम मोदी के वादे, अब देशभर में हिन्दुओं को बताएँगे हकीकत’

तोगड़िया बोले ‘झूठे निकले पीएम मोदी के वादे, अब देशभर में हिन्दुओं को बताएँगे हकीकत’

अहमदाबाद। वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। तोगड़िया ने राम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर दो दिन पहले अहमदाबाद में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया था।

कई संतो और हिन्दू संगठनों से जुड़े नेताओं की मौजूदगी में अपना अंनशन खत्म करने की घोषणा करते हुए तोगड़िया ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। तोगड़िया ने कहा कि पूर्व की सरकारों की तरह पीएम नरेंद्र मोदी भी हिन्दुओं के लिए बुरे साबित हुए हैं।

अनिश्चितकालीन अनशन को जल्द समाप्त करने के पीछे क्या वजह है ? इसके जबाव में तोगड़िया ने कहा कि वे डॉक्टरों की सलाह पर अपना उपवास खत्म कर रहे हैं।

बाद में मीडिया से बात करते हुए तोगड़िया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं द्वारा ही किए वादे पूरे करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 100 करोड़ हिन्दुओं के मुद्दों और हिंदुत्ववादी राजनीति को फिर से जिन्दा करने के लिये राष्ट्रव्यापी दौरा शुरू करेंगे। क्योंकि भाजपा सरकार देश के सामने आ रही समस्याओं को सुलझाने में विफल रही है।

तोगड़िया ने कहा कि वे देशभर में घूमेंगे और हिन्दुओं को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जनता को हकीकत से रूबरू कराएँगे। तोगड़िया ने बीजेपी [र हिन्दुओं का विश्वास तोड़ने का आरोप भी लगाया है।

TeamDigital