#DeleteNaMoApp : नमो एप के ज़रिये लीक किया जा रहा भारतीयों का डाटा : कांग्रेस
नई दिल्ली। डाटा लीक मामले में कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस का आरोप है कि नमो एप के जरिये भारतीय लोगों का डाटा लीक किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नमो एप को डिलीट करने के लिए कांग्रेस की तरफ से सोशल मीडिया पर #DeleteNaMoApp कैंपेन भी चलाया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम पर तंज कसते हुए कहा कि मैं नरेंद्र मोदी अपना सारा डाटा अमेरिकी कंपनियों में बैठे अपने दोस्तों को देता हूं। राहुल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हाय, मैं नरेंद्र मोदी हूं और मैं देश का पीएम हूं।
जब आप मेरे नमो एप में साइन अप करते हैं तो मैं आपका सारा डाटा अपने अमेरिकी कंपनियों के दोस्तों को दे देता हूं। राहुल गांधी आरोप लगा रहे हैं कि लोगों की निजी जानकारियों को अमेरिकी कंपनियों के साथ साझा किया जा रहा है।
कांग्रेस का आरोप है कि निजी जानकारियों को क्लेवर टैप के जरिये अमेरिकी कंपनियों को भेजा जा रहा है। वहीं बीजेपी के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस पीएम मोदी और नमो ऐप से डरी हुई है।
ट्विटर पर तेजी से ट्रेंड में आये #DeleteNaMoApp पर यूजर्स की अलग अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ यूजर्स कांग्रेस के आरोप का समर्थन कर रहे हैं वहीँ कुछ यूजर्स इसके विरोध में टिप्पणियां दे रहे हैं।
