सपा और कांग्रेस से गठबंधन पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने दिया ये बड़ा बयान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होने जा रहे दो लोकसभा सीटों के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी में गठबंधन के कयासो पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने बड़ा बयान दिया है।
बसपा सुप्रीमो ने बसपा सपा के बीच गठबंधन की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि बीएसपी ने कर्नाटक के अलावा किसी अन्य राज्य में किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पार्टी के साथ गठबंधन किया जाएगा तो वह छिपकर नहीं बल्कि खुलकर सबके सामने किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में गठबंधन की खबरों को ख़ारिज करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि हमारा किसी से कोई गठबंधन नहीं हुआ है।
मायावती ने कहा कि ‘हमारा लक्ष्य बीजेपी को हराना है इसलिए मैंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि जो भी विपक्षी उम्मीदवार बीजेपी को हराता नजर आए उसे अपना कीमती वोट दो।’
मायावती ने यह भी कहा कि लोकसभा उपचुनाव में गठबंधन नहीं बल्कि वोटों का हस्तांतरण है और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। आगामी राज्यसभा और विधानसभा चुनावों में भी इस तरह के वोटों का ट्रांसफर होने की बात स्वीकार की, लेकिन उन्होंने इसे गठबंधन कहने पर नाराजगी व्यक्त की।
मध्य प्रदेश में इस वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन की सम्भावना पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि यदि कांग्रेस को मध्य प्रदेश में हमारे विधायकों का वोट चाहिए तो यहां होने वाले राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों को हमारे पक्ष में खुला मतदान करना होगा। बदले में बसपा सुप्रीमो ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस को राज्यसभा चुनाव में खुला समर्थन देने का वादा किया।
