आज से संसद में शुरू होगा बजट सत्र का दूसरा चरण, ये मुद्दे हैं विपक्ष के तरकश के तीर

आज से संसद में शुरू होगा बजट सत्र का दूसरा चरण, ये मुद्दे हैं विपक्ष के तरकश के तीर

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का आज से दूसरा चरण शुरू हो रहा है। बजट सत्र के दूसरे चरण के लिए विपक्ष के तरकश में तीरो की कमी नहीं है।

पीएनबी स्कैम से लेकर मेघालय में बीजेपी द्वारा जोड़तोड़ कर सरकार बनाने की कोशिशों के अलावा भी विपक्ष के पास कई ऐसे मुद्दे है जिन पर विपक्ष सरकार की घेराबंदी करने की कोशिश करेगा।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी संसद में नीरव मोदी, मेहुल चौकसी पर सरकार की धीमी चाल और राफेल, जज लोया और अमित शाह के बेटे जय शाह के मुद्दे को भी गर्म रखेगी। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने कहा कि राफेल के साथ साथ जय शाह का मुद्दा हम भूले नहीं हैं।

इतना ही नहीं संसद में कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दल राजनीतिक प्रतिशोध का मामला उठाकर लालू यादव और कार्ति चिदम्बरम के मामले में सरकारी एजेंसियों के दुरूपयोग का मामला भी उठा सकते है।

संसद की रणनीति पर चर्चा करते हुए लोकसभा में पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि देशहित और जनहित के सारे मुद्दे हम उठाएंगे, जिसमें नीरव मोदी समेत बैंक लूट का मुद्दा सबसे ऊपर है।

खड़के ने कहा कि पार्टी ने सबसे पहले बैंक लूट को सबसे बड़ा मुद्दा माना है। इसलिए संसद के दोनों सदनों में पार्टी ने बैंक लूट के मुद्दे पर कार्यस्थगन का नोटिस देने का फैसला किया है।

वहीँ पार्टी सूत्रों का कहना है कि संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में पार्टी पेट्रोल डीजल की कीमतों का मामला भी उठाएगी। सूत्रों ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में बीजेपी द्वारा चुनाव में धन बल के इस्तेमाल का मुद्दा भी उठाया जा सकता है।

TeamDigital