सरकार का नया नारा- खाऊंगा और खाने दुंगा, पैक कर ले जाने दुंगा: कांग्रेस
नई दिल्ली। नीरव मोदी और रोटोमैक कम्पनी के बैंक घोटालो के खुलासे के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं। कांग्रेस नेता और कम्युनिकेशन विभाग के हैड रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि लगता है कि खाऊंगा और खाने दूंगा और पैक कर ले जाने दूंगा सरकार का नया नारा हो गया है।
सुरजेवाला ने कहा कि जतिन मेहता और उनकी पत्नी आसानी से देश छोड़कर भाग जाते हैं और दो जून 2016 को भारत की नागरिकता छोड़ देते हैं। इसके बाद वे इंटरनेशनल टैक्स हेवन के रूप में चर्चित देश सेंट किट्स और नेविस में बस जाते हैं। इस कैरेबियाई देश के साथ भारत की प्रत्यर्पण संधि तक नहीं है।
कांग्रेस 11,400 करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले के बाद हीरा कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के देश से फरार हो जाने के बाद लगातार तीखे हमले कर रही है।
इससे पहले कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा था कि छोटा मोदी घोटाले के 15 दिन बीत चुके हैं और अपराधी कानून की पकड़ से दूर हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी को चुप्पी तोड़नी चाहिए और मुद्दे पर सफाई देने चाहिए।
वहीँ नीरव मोदी मामले के खुलासे के बाद मोदी सरकार डिफेंसिव मोड पर आ गयी है। सरकार की तरफ से वित्तीय घोटाले कर विदेश भागने वालो के लिए आर्थिक अपराध बिल को मंजूरी दे दी है।
यह बिल आर्थिक अपराध कर विदेश भागने वाले लोगों की बेनामी संपत्तियों को जब्त करने के लिए लाया गया है। इस कानून के जरिए भारत से बाहर की संपत्तियों को संबंधित देश के सहयोग से जब्त किया जाएगा।
कैबिनेट मीटिंग के बाद पत्रकारों से बातचीत में अरुण जेटली ने कहा कि भगोड़ा आर्थिक अपराध बिल को मंजूरी देशहित में बहुत जरूरी था। इससे बड़े आर्थिक अपराधियों पर शिकंजा कसने में आसानी होगी। इसके अलावा वित्तमंत्री अरुण जेटली ने नेशनल फाइनेंसियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी(NFRA) का गठन किया है। लिस्टेड और बड़ी कंपनियों पर यह लागू होगा।ऑडिटर्स और सीए पर इससे शिकंजा कसेगा।
उन्होंने कहा कि एनएफआरए के तहत चार्टर्ड एकाउंटेंट्स और उनकी फर्मों की सेक्शन 132 के तहत जांच होगी। एनएफआरए स्वायत्त नियामक सस्था के तौर पर काम करेगा।
