अब टीडीपी बीजेपी में दरार, नायडू जल्द हो सकते हैं एनडीए से अलग

अब टीडीपी बीजेपी में दरार, नायडू जल्द हो सकते हैं एनडीए से अलग

नई दिल्ली। शिवसेना द्वारा आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ कोई गठबंधन न किये जाने के एलान के बाद अब आंध्रप्रदेश में सत्तारूढ़ तेलगु देशम पार्टी ने भी एनडीए से अलग होने के संकेत दिए हैं।

समझा जाता है कि जल्द ही तेलगु देशम पार्टी के प्रमुख और आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू एनडीए से दामन छुड़ा लें। हालाँकि इस मामले में टीडीपी की तरफ से कोई आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की गयी है लेकिन सीएम चंद्रबाबू नायडू के आज के बयान से ऐसे संकेत मिले हैं कि शिवसेना की तरह ही टीडीपी और बीजेपी के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।

आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलगु देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश में टीडीपी और बीजेपी मिलकर सरकार चलारहे हैं इसके बावजूद राज्य के बीजेपी नेता सरकार और टीडीपी पर उंगली उठाते रहे हैं। जो सरासर अनुचित है।

उन्होंने कहा कि हम गठबंधन धर्म निभा रहे हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी की तरफ से लगातार राज्य सरकार की आलोचनाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में हमारे पास अलग रास्ता चुनने के अलावा कोई और रास्ता नहीं है।

वहीँ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चंद्रबाबू नायडू ने इस संदर्भ में 12 जनवरी को पीएम मोदी से मिलकर राज्य के बीजेपी नेताओं की शिकायत भी की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आंध्रप्रदेश में बीजेपी और टीडीपी के रिश्तो में पैदा हुई खटास के बाद सीएम चंद्रबाबू नायडू जल्द ही कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं।

यदि टीडीपी ने 2019 के लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला ले लिया तो ये बीजेपी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। वहीँ यह भी कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में नीतीश भी एकला चलो की राह पकड़ सकते हैं। सियासी जानकारों की माने तो शिवसेना द्वारा बीजेपी से ताल्लुक खत्म करने के एलान के बाद ही बीजेपी के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है।

TeamDigital