चुनाव आयोग से आर पार की लड़ाई को तैयार केजरीवाल, बुलाई आप नेताओं की बैठक

चुनाव आयोग से आर पार की लड़ाई को तैयार केजरीवाल, बुलाई आप नेताओं की बैठक

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के 20 विधायकों को अयोग्य करार देने के चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल अब आरपार की लड़ाई लड़ने के मूड में आ गए हैं। वहीँ केजरीवाल को इस मामले में विपक्ष का समर्थन भी मिल रहा है।

चुनाव आयोग के फैसले पर रणनीति बनाने के लिए आप संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के नेताओं की एक बैठक आज शाम 4 बजे बुलाई है। इस बैठक में केजरीवाल सहित आप के तमाम बड़े नेता मौजूद रहने के आसार हैं। केजरीवाल ने यह बैठक अपने सरकारी आवास पर बुलाई है।

वहीँ सूत्रों की माने तो विपक्ष के कई नेताओं ने अरविन्द केजरीवाल से फ़ोन पर बात की है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ विपक्ष एकजुट हो रहा है।

इससे पहले कल चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट से पार्टी को खाली हाथ लौटना पड़ा था। पार्टी सूत्रों की माने तो अब भी पार्टी नेताओं को इस मामले पर सोमवार को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई से राहत की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक यदि हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली तो केजरीवाल आरपार की लड़ाई के लिए फिर से मोर्चा संभाल सकते हैं और आम आदमी पार्टी विपक्ष के साथ मिलकर कोई बड़ा कदम उठा सकती है।

TeamDigital