तीन तलाक बिल पर सहयोगियों ने भी बीजेपी को दिखायीं आँखें

तीन तलाक बिल पर सहयोगियों ने भी बीजेपी को दिखायीं आँखें

नई दिल्ली। तीन तलाक बिल राज्य सभा में पास कराने में बीजेपी की साँसे फूल रही हैं। बड़ा कारण है कि उसके अपने सहयोगी भी उसे आँखें दिखा रहे हैं। तीन तलाक बिल को कानूनी जामा पहनाने के लिए लोकसभा में पास होने के बाद अब राज्य सभा में पास कराया जाना है। राज्य सभा में बीजेपी के पास न तो बहुमत है और न ही वह बिना कांग्रेस के इसे पास करा सकती है।

तीन तलाक बिल को लेकर एनडीए में शामिल घटक दलों की अलग अलग राय है। केंद्र में मोदी सरकार के सहयोगी कहे जाने वाले एआईडीएमके, शिवसेना तथा टीडीपी जैसे दल भी तीन तलाक बिल में संशोधन चाहते हैं।

इससे पहले कल कांग्रेस ने तीन तलाक बिल को विधेयक को संसदीय समिति को भेजने की मांग उठायी थी। कांग्रेस सहित विपक्ष की मांग है कि इस विधेयक पर गहन चर्चा की आवश्यकता है। वहीँ कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके, एनसीपी, सीपीआई और सीपीएम सहित अन्य पार्टियों के अलावा टीडीपी ने भी इस बिल पर आपत्तियों के खिलाफ विपक्षी एकता का साथ दिया।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि हम बिल का समर्थन करते हैं, हमने सत्ताधारी दल से पार्टी और एनडीए से अपने नाम देने को कहा, हम महिला विरोधी नहीं हैं, आप महिला समर्थक हैं तो महिला आरक्षण बिल पास करो, हमने पास किया था, इन्होंने अब तक क्यों नहीं किया, यह देश की सभी महिलाओं के लिए फायदेमंद होगा।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने बिल को सेलेक्ट कमेटी के पास भेजने की मांग करते हुए विपक्षी पार्टियों के सदस्यों के नाम उपसभापति को दिए जो सेलेक्ट कमेटी में होंगे। इनमें तीन कांग्रेस के थे। उन्होंने कहा कि सरकार अपने सदस्यों के नाम सुझाए।

राज्य सभा में किसके कितने सदस्य :

245 सदस्यीय राज्यसभा में निर्दलीय और मनोनीत सदस्यों को छोड़कर 28 राजनीतिक पार्टियों के सदस्य हैं। मौजूदा समय में राज्यसभा में बीजेपी के पास 57 सदस्य, कांग्रेस के पास 57, टीएमसी के 12, बीजेडी के 8, बीएसपी के 5, सपा के 18, AIADMK के 13, सीपीएम के 7, सीपीआई के 1, डीएमके के 4, एनसीपी के 5, पीडीपी के 2, इनोलो के 1, शिवसेना के 3, तेलुगुदेशम पार्टी के 6, टीआरएस के 3, वाईएसआर के 1, अकाली दल के 3, आरजेडी के 3, आरपीआई के 1, जनता दल(एस) के 1, मुस्लिम लीग के 1, केरला कांग्रेस के 1, नागा पीपुल्स फ्रंट के 1, बीपीएफ के 1 और एसडीएफ के 1 सदस्य हैं. इसके अलावा 8 मनोनीत और 6 निर्दलीय सदस्य हैं।

TeamDigital