भड़काऊ बयान देने के लिए बीजेपी महिला सांसद के खिलाफ मामला दर्ज
बेंगलुरु। कर्नाटक से बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे के खिलाफ पुलिस ने लोगों को दंगे के लिए उकसाने, सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और अफवाहें फलाने के आरोपों को लेकर शोभा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सांसद ने हाल में 15 साल की लड़की के साथ हुई घटना को लेकर ट्विटर पर टिप्पणी की थी और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर घटना में शामिल जेहादियों को पकड़ने के लिये कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था।
बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे ने एक और ट्वीट में लिखा, “जेहादियों ने होन्नवर के पास नौवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ बलात्कार एवं हत्या की कोशिश की। सरकार घटना को लेकर चुप क्यों है। उन्हें गिरफ्तार करें जिन्होंने लड़की का यौन उत्पीड़न किया और उसे घायल कर दिया। मुख्यमंत्री आप कहां हैं।”
पुलिस के अनुसार घटना को लेकर विजयपुरा के कुछ इलाकों में पिछले तीन दिन से तनाव बना हुआ है। वहीँ सोशल मीडिया पर सांसद की टिप्पणियों और वीडियो संदेशों से तटीय कर्नाटक के क्षेत्रों में तनाव और बढ़ गया।
बीजेपी शोभा पर जिस ट्वीट के चलते मामला दर्ज हुआ है, उसमे उन्होंने ने लिखा था, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की तुष्टीकरण की राजनीति से कर्नाटक जेहादी गुंडों के लिए पनाहगाह बन गया है। वह बेशर्मी के साथ तुष्टीकरण और समाज को बांटने के अपने एजेंडे पर चल रहे हैं।
