शिवसेना ने कहा ‘गुजरात में बीजेपी जीती लेकिन चर्चा राहुल की हो रही है’
मुंबई। शिवसेना ने एक बार फिर बीजेपी पर तंज कसा है। इस बार गुजरात चुनाव के नतीजों को लेकर शिवसेना ने बीजेपी पर प्रहार करते हुए कहा कि भले ही गुजरात में बीजेपी चुनाव जीत गयी हो लेकिन वहां चर्चा राहुल गांधी का हो रहा है।
शिवसेना ने कहा कि गुजरात में डेढ़ सौ सीटें लाने का दावा करने वाली बीजेपी की सौ सीटें लाने में साँसे फूल गयीं। शिवसेना ने कहा कि गुजरात में जीत बीजेपी की हुई है, पर चर्चा राहुल गांधी की ओर से लगाई गई छलांग की हो रही है।’’
शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में लिखा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश की जीत के लिए हम बीजेपी का अभिनंदन करते हैं, इसके साथ ही कांग्रेस ने जो सफलता हासिल की है, वो भी महत्वपूर्ण है।
शिवसेना ने तंज कसा कि गुजरात में बीजेपी को 150 से एक भी कम सीटें नहीं मिलेगी, ऐसा सीना ठोक कर कहा जा रहा था, लेकिन 100 का आंकड़ा छूने में भी पार्टी की सांस फूल गई। एक वाक्य में नतीजे का अर्थ कहा जाए तो यही है कि हवा नहीं बदली, लेकिन हवा धीमी पड़ गई है।
शिवसेना ने कहा, ‘’मचलती लहरें ठंडी हो गई हैं। बीजेपी मुश्किल से पास होकर भी डिस्टिंक्शन का दिखावा कर रही है। यह तस्वीर दयनीय है। देश के प्रधानमंत्री को भी आखिरकार गुजरात की अस्मिता का कार्ड खेलना पड़ा।”
गौरतलब है कि शिवसेना अपने मुखपत्र सामना के माध्यम से पहले भी बीजेपी पर निशाने साधती रही है। कई मौको पर शिवसेना ने अपने मुखपत्र में बीजेपी, केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
