शिवसेना ने ख़ारिज किये एग्जिट पोल, बताया ज़मीनी हकीकत से दूर
मुंबई। गुजरात चुनाव को लेकर मीडिया में आये एग्जिट पोल को लेकर बीजेपी भले ही उत्साहित है लेकिन उसकी सहयोगी शिवसेना ने एग्जिट पोल को ख़ारिज कर दिया है।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एग्जिट पोल को ज़मीनी हकीकत से दूर बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात में मौजूदा राजनीतिक माहौल और एग्जिट पोल के नतीजों के बीच एक बड़ा अंतर है।
पीटीआई के मुताबिक उपनगरीय बांद्रा स्थित अपने आवास मातोश्री में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि एग्जिट पोल ने गुजरात में बीजेपी के लिए एक स्पष्ट जीत की संभावना जताई है। एग्जिट पोल की संभावना हमारे लिए हजम होने लायक नहीं है। सोमवार को नतीजे आएंगे और हर किसी को इसे स्वीकार करना होगा।
ठाकरे ने कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालने पर राहुल गांधी को बधाई देते हुए कहा, ‘‘मैं आशा करता हूं कि वह अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के भरोसे पर खरे उतरेंगे।’’
उन्होंने बीजेपी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि देश ने इस पार्टी से काफी उम्मीदें की लेकिन यह पार्टी किसान कर्ज माफी और बेरोजगारी जैसे मुद्दों का हल करने में सक्षम नहीं है।
यह पूछे जाने पर कि क्या महाराष्ट्र में बीजेपी ने शिवसेना को उप मुख्यमंत्री पद की पेशकश की है, उन्होंने इसका नकारात्मक जवाब दिया। ठाकरे ने कहा कि हमे पद की लालसा नहीं है।
