बीजेपी सांसद ने गुजरात चुनाव में किया अपनी ही पार्टी की हार का दावा
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनावो के नतीजों को लेकर बीजेपी और एग्जिट पोल कुछ भी कह रहे हों लेकिन पार्टी के एक सांसद का दावा है कि गुजरात में बीजेपी की हार होने जा रही है।
महाराष्ट्र के बीजेपी सांसद (राज्यसभा) संजय काकड़े ने अपने स्वयं के सर्वे का हवाला देकर दावा किया कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी हार रही है।
एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए बीजेपी सांसद ने कहा कि उगुजरात में बीजेपी का प्रदर्शन वैसा नहीं होगा जैसी सबको उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सम्भावना है कि इस बार पार्टी को शायद गुजरात में सीएम की कुर्सी हाथ न लगे।
संजय काकड़े ने कहा, “जब से मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, वह राज्य से जुड़े मुद्दों पर उस तरह से ध्यान नहीं दे सके हैं जैसे सीएम रहते हुए दे पाते थे तथा पिछले तीन साल में ऐसा कोई उम्मीदवार नहीं हुआ जो सीएम के पद पर मोदी की जगह ले सके।”
बीजेपी सांसद ने कहा कि बीजेपी सबसे लंबे समय तक गुजरात में सत्ताधारी पार्टी रही है और इसी वजह से सरकार के खिलाफ माहौल पार्टी को नुकसान पहुंचा सकता है।
उन्होंने हार्दिक पटेल की सीडी जारी करने को भी गलत बताया और कहा कि बीजेपी द्वारा हार्दिक पटेल से निपटने की कोशिश का तरीका एकदम गलत था।
