थाली बेलन लेकर रैली में घुसीं महिलायें, मंच छोड़कर भागे मोदी के मंत्री
अहमदाबाद। दूसरे चरण के चुनाव के लिए कांग्रेस और बीजेपी में जोर आजमाइश के बीच बीजेपी के मंत्री जी को उस वक़्त विपरीत परिस्थतियों का सामना करना पड़ा जब रैली में थाली बेलन लेकर पहुंची महिलाओं ने मंत्रीजी को मंच छोड़कर भागने को विवश कर दिया।
रविवार को केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला जब गुजरात के मेहसाणा में रैली करने पहुंचे तो उन्हें 5 मिनट में ही मंच से उतर कर वापस लौटना पड़ा। जब पुरुषोत्तम रुपाला ने बोलना शुरू किया तो रैली में पहुंची 200 से अधिक महिलाओं ने बेलन से थाली पीटना शुरू कर दिया।
रैली में पहुंची पाटीदार महिलाएं विसनगर विधायक ऋषिकेश पटेल का विरोध कर रही थीं। महिलाओं द्वारा की गयी ज़बरदस्त हूटिंग के आगे मंत्रीजी को बोलते बोलते 5 मिंनट में ही अपना भाषण रोकना पड़ा।
थोड़ी देर में ही सैकड़ो की तादाद में और पाटीदार महिलाएं भी हाथ में थाली बेलन लेकर पहुँच गयीं। इसके बाद हंगामा और बढ़ गया। पाटीदार महिलाओं के विरोध के आगे मंत्रीजी लाचार नज़र आये और 5 मिनट भी सही से न बोल सके।
बढ़ते विरोध के बाद केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला को मंच छोड़कर भागना पड़ा लेकिन पाटीदार महिलाओं ने भी अपना विरोध जारी रखा और अंत में सभा रद्द करनी पड़ी। इस दौरान बीजेपी के विसनगर विधायक ऋषिकेश पटेल ने भी चुपचाप वहां से निकलना ही उचित समझा।
