बड़ी खबर: राहुल गांधी निर्विरोध चुने गये कांग्रेस अध्यक्ष

बड़ी खबर: राहुल गांधी निर्विरोध चुने गये कांग्रेस अध्यक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। कांग्रेस नेता एवं चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने बताया कि राहुल को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने बताया कि राहुल के पक्ष में 89 नामांकन प्रस्ताव मिले थे। सभी के सभी वैध मिले।

राहुल गांधी अब अपनी मां सोनिया गांधी की जगह लेंगे। सोनिया पिछले 19 सालों से पार्टी की कमान संभाल रही थीं। बीते कुछ वक्त से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षो से राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाये जाने की बातें चल रही थीं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के कमज़ोर स्वास्थ्य के चलते स्वयं सोनिया गांधी ने भी अध्यक्ष पद पर अपनी जगह न्युक्ति किये जाने की बात पार्टी में रखी थी।

राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को उठाना होगा। साथ ही गुजरात चुनाव के बाद अगले वर्ष पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावो में कांग्रेस का बेहतर प्रदर्शन बड़ी चुनौती होंगे।

यदि 2019 के लोकसभा चुनाव में गैर बीजेपी दलो का कोई गठबंधन बनता है तो राहुल गांधी को चुनावो में विपक्ष का नेतृत्व करने का मौका भी मिल सकता है। ऐसे में अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी के लिए कई चुनौतियाँ हैं। उन्हें पार्टी के अंदर कांग्रेस नेताओं और पार्टी के बाहर विपक्ष के नेताओं के साथ बेहतर तालमेल के साथ काम करना होगा।

TeamDigital