कांग्रेस के समर्थन से बड़गाम सीट से चुनाव लड़ेंगे जिग्नेश मेवाणी
नई दिल्ली। ऊना कांड के बाद गुजरात में दलित चेहरा बनकर उभरे जिग्नेश मेवाणी के गुजरात की बड़गाम सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर आज परचा दाखिल करने की संभावना है। इस सीट पर कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं किया है।
समझा जाता है कि कांग्रेस में शामिल होने पर कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध होने के अंदेशे के मद्देनजर जिग्नेश मेवाणी ने निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ना तय किया है लेकिन उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस का समर्थन हासिल है।
गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए आज दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन है, खबर है कि जिग्नेश मेवाणी आज अपना नामांकन कर रहे हैं। वहीँ सूत्रों के अनुसार जिग्नेश मेवाणी भले ही कांग्रेस के मंच पर न जाएँ लेकिन गुजरात विधानसभा चुनाव में वे दलित बाहुल्य इलाको में बीजेपी के खिलाफ प्रचार करेंगे।
बता दें कि कांग्रेस ने दलित नेता जिग्नेश मेवाणी और पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को भी कांग्रेस में आने का निमंत्रण दिया था लेकिन हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवाणी ने कांग्रेस में शामिल होने से इंकार कर दिया। जिग्नेश मेवाणी ने दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी।
गुजरात में दलित और पाटीदारो में बीजेपी का बड़ा विरोध है। पाटीदार नेता हार्दिक पटेल जहाँ बीजेपी के गढ़ो में घुसकर बीजेपी को ललकार रहे हैं वहीँ जिग्नेश मेवाणी दलितों को बीजेपी के खिलाफ एकजुट कर रहे हैं।
