बीजेपी के रडार पर आये शत्रु, गुजरात चुनाव के बाद कार्रवाही संभव !
नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार की खामियों को उठाने वाले बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा अब बीजेपी आलाकमान के रडार पर आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुजरात चुनाव के बाद बीजेपी शत्रुघ्न सिन्हा पर कार्रवाही कर सकती है।
यदि शत्रुघ्न सिन्हा पर बीजेपी आलाकमान कोई अनुशासनात्मक कार्रवाही करती है तो वे कीर्ति आज़ाद के बाद दूसरे सांसद होंगे जिन पर पार्टी कार्रवाही करेगी। एक बड़े संजोग की बात यह भी है कि कीर्ति आज़ाद और शत्रुघ्न सिन्हा दोनों ही बिहार से सांसद है।
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक बीजेपी की अनुशासन समिति के चीफ गणेशी लाल ने कहा कि सीनियर लीडर्स गुजरात चुनाव में व्यस्त हैं। ये मुद्दा चुनाव के बाद उठाया जाएगा।सूत्रों की माने तो बीजेपी पहले बिहार में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद की ओर से आधिकारिक शिकायत का इंतजार कर रही है। उसके बाद ही कोई एक्शन लिया जाएगा।
गौरतलब है कि बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने नोट बंदी और जीएसटी और देश की अर्थव्यवस्था सहित कई ऐसे मुद्दों पर सरकार को आइना दिखाते रहे है। सिन्हा ने हाल ही में गुजरात चुनाव को लेकर भी बीजेपी के जीत के दावों पर प्रश्न उठाये थे।
शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी लाइन से अलग हटकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को उम्मीदवार बनाये जाने का समर्थन भी किया था। उन्होंने कहा था कि मुझे लगता है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को राष्ट्रपति बनाया जाना चाहिए था। उनसे कम से कम इसके लिए कहा तो जाता ही, भले ही वे मना कर देते।
शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा द्वारा उठाये गए जीडीपी में गिरावट के मुद्दे पर उनका साथ दिया था। उन्होंने नोट बंदी और जीएसटी से लोगों को हुई परेशानियों को लेकर भी ट्विटर पर कई बार ट्वीट किया।
इतना ही नहीं शत्रुघ्न सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी चाहे तो उनके खिलाफ कार्रवाही कर सकती है लेकिन वे सिद्धांतों के साथ चलते हैं और सच्चाई से समझौता नहीं करता। सिन्हा ने कहा था कि उन्हें सच्चाई के लिए कोई भी कीमत चुकानी पड़े, वे इसके लिए तैयार हैं।
