पाटीदारो का कांग्रेस के साथ जाना तय!, आरक्षण को लेकर पाटीदारो ने कही “ये बात”

पाटीदारो का कांग्रेस के साथ जाना तय!, आरक्षण को लेकर पाटीदारो ने कही “ये बात”

अहमदाबाद। पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पास) और कांग्रेस के बीच आरक्षण को लेकर पैदा हुआ पेंच अब निकल गया प्रतीत होता है। ऐसे में गुजरात विधानसभा चुनावो में पाटीदारो का कांग्रेस के साथ जाना तय माना जा रहा है।

गौरतलब है कि पाटीदार अनामत आंदोलन समिति ने कांग्रेस के समक्ष पांच मांगे रखी थीं जिनमे से 4 मांगो पर पहले ही सहमति बन गयी थी। पांची मांग पाटीदारो को आरक्षण दिए जाने की थी जिस पर पेंच फंसा हुआ था।

इस मामले के हल के लिए गुजरात कांग्रेस ने यह मामला आलाकमान को सौंप दिया था। वहीँ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मामले को पार्टी नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल को सौंपा था। पाटीदारो को आरक्षण किस तरह दिया जा सकता है इस पर कानूनी प्रक्रिया का अध्यन करने के बाद कपिल सिब्बल ने अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपी थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पाटीदारो को आरक्षण देने के मुद्दे पर कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देने और पाटीदार समुदाय के प्रतिनिधियों से आगे की बातचीत करने के लिए कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल को अधिकृत किया था।

इस प्रक्रिया के बाद कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पास) के सदस्यों के साथ बैठक कर उन्हें पाटीदारो को आरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस का रुख और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी से अवगत कराया।

पाटीदार नेताओं के अनुसार कपिल सिब्बल के साथ पहली बैठक रात दो बजे से शुरू हुई। बुधवार को हुई इस बैठक में तीन घण्टे तक बातचीत हुई लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका।

पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के सदस्य दिनेश बम्भनिया ने बैठक के बाद कहा कि कांग्रेस ने राज्य में पाटीदार समुदाय को आरक्षण देने को लेकर कोई निश्चित तरीका या फार्मूला नहीं बताया लेकिन, तीन घंटे की बैठक में हमने उन सभी तरीकों पर चर्चा की जिसके जरिए आरक्षण दिया जा सकता है।

दिनेश बम्भनिया ने कहा कि , एक चीज स्पष्ट है कि कांग्रेस के पास आरक्षण देने की राजनीति इच्छा है, जबकि भाजपा ने इस संबंध में कोई राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं दिखाई और उन्होंने हमें ‘लॉलीपॉप’ थमा दिया।

उन्होंने कहा कि दोनों तरफ से किसी परिणाम पर नहीं पहुंचा जा सका और कांग्रेस के साथ इस मुद्दे पर और बैठक होगी। हमलोग अभी तक बैठक के बारे में हार्दिक पटेल से भी पूरी तरह चर्चा नहीं कर पाए हैं। वह गुरुवार से अस्वस्थ हैं। हम इन सब चीजों के बारे में उनसे और अन्य पाटीदार नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

दिनेश बम्भनिया ने कहा कि हम आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करेंगे या नहीं, यह बाद की बात है लेकिन एक बात तो तय है कि हम लोग किसी भी हाल में यहां भाजपा सरकार नहीं चाहते हैं।

TeamDigital